नवरात्र पर व्यापार ने पकड़ी रफ्तार, पहले दिन 60 करोड़ का कारोबार
बुलंदशहर। पितृपक्ष के दौरान मंदे पड़े कारोबार ने शारदीय नवरात्र के पहले ही दिन रफ्तार पकड़ ली। कोरोना काल के बाद से ठंडे पड़े सराफा, गारमेंट, इलेक्ट्रॉनिक और ऑटोमोबाइल सेक्टर में नवरात्र के पहले दिन ही करीब 60 करोड़ का कारोबार हुआ। नवरात्र के आठ दिनों में 500 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। अधिकांश व्यापारियों का कहना है कि नवरात्र शुरू होने के साथ ही कार्य शुरू हो जाते हैं और दिवाली तक अधिक बिक्री की उम्मीद रहती है।
पहले दिन 34 वाहनों की हुई बुकिंग
नवरात्र शुरू होते ही दो पहिया वाहन की बिक्री में इजाफा हुआ है। पहले दिन 34 वाहनों की बुकिंग हुई। आगे भी और बुकिंग होने की उम्मीद है। साथ ही पूर्व में बुकिंग करा चुके 156 वाहनों की आज डिलीवरी की गई। आने वाले समय में धनतेरस व दीपावली का त्योहार है। साथ ही शादी-विवाह का सीजन भी है। इसलिए बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। - गगन शर्मा, संचालक कृष्णा ऑटोमोबाइल
व्यापार में हुई चार गुना वृद्धि
पितृपक्ष व उससे पूर्व सराफा कारोबार मंदा रहा। नवरात्र शुरू होते ही कारोबार में इजाफा हुआ है। आने वाले समय में बाजार में और उछाल देखने को मिलेगा। पहले नवरात्र के दिन चार गुना से अधिक कारोबार हुआ। नवरात्र और दिवाली के लिए बाजार में नए-नए डिजाइन के आभूषण आए हैं। - अर्पित अग्रवाल, मैनेजर तनिष्क ज्वेलर्स
आना वाला समय होगा बेहतर
नवरात्र से पूर्व कपड़ा व्यवसाय पर काफी असर पड़ा। दुकानों पर नाममात्र ग्राहक आने से खर्च निकालना भी मुश्किल रहा। नवरात्र शुरू होते ही कपड़ा व्यवसाय ने तेजी पकड़ ली है। पहले से 50 फीसदी बिक्री में इजाफा हुआ है। आने वाले त्योहारी सीजन में अधिक खरीदारी की उम्मीद है। - वैभव अग्रवाल, मोड फैशन संचालक
दिवाली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद
नवरात्र से पूर्व बिक्री में काफी मंदी आ गई थी। नवरात्र शुरू होते ही लोगों ने नया सामान खरीदना और बुकिंग करना शुरू कर दिया है। अभी से ग्राहकों ने धनतेरस और दिवाली के लिए बुकिंग करानी शुरू कर दी है। दिवाली पर भी कारोबार में 200 से 250 फीसदी इजाफा होने की उम्मीद है। - मोहित अग्रवाल, संचालक मोहित मुस्कान शोरूम
अनुमानित एक दिन की बिक्री
व्यवसाय बिक्री
कपड़ा दो करोड़
सराफा 10 करोड़
वाहन 25 करोड़
इलेक्ट्रॉनिक 20 करोड़
अन्य तीन करोड़