मां के सामने सड़क पार कर रहे मासूम को कार ने कुचला
चोला। सड़क पर करते समय कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए कक्षा दो के छात्र की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव ऐदलपुर धीमरी निवासी संजय पुत्र महिपाल ने बताया कि रविवार की शाम उसकी पत्नी रेखा बच्चों के साथ मायके जा रही थी। शाम करीब पांच बजे वह गांव के बाहर खड़ी सवारी का इंतजार कर रही थी। सवारी में बैठने के लिए वह बच्चों के साथ सड़क पार करने लगी। इसी दौरान चोला की ओर से आ रहे आल्टो कार सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में रेखा और दो बच्चे बाल-बाल बच गए, जबकि उसका पुत्र योगेश (6) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। योगेश गांव के ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।