बदमाशों ने सेल्समैन को गोली मारकर 70 हजार रुपये लूटे
खुर्जा। देहात थाना क्षेत्र के गांव बाढ़ा के निकट बृहस्पतिवार सुबह साढ़े पांच बजे अज्ञात बदमाशों ने बीयर के ठेके के सेल्समैन से 70 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने सेल्समैन को गोली मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर मेडिकल सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया।
अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रानी वाला निवासी कालू खुर्जा में टैना गांव स्थित बीयर के ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे कालू बाइक से ठेके पर जाने के लिए घर से निकला था। शिकारपुर रोड पर गांव बाढ़ा के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उसको ओवरटेक करके रोक लिया। इस दौरान बदमाशों ने सेल्समैन के पास मौजूद बैग छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने सेल्समैन को गोली मार दी और बैग लेकर बाइक से फरार हो गए। बताया गया कि बदमाशों की गोली सेल्समैन की पीठ में लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बदमाशों के भागते ही पीड़ित सेल्समैन ने इसकी सूचना 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी। साथ ही वह खुद बाइक लेकर अस्पताल की ओर चल दिया। लेकिन, रास्ते में ही पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोका और गाड़ी में बैठाकर अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। उसका उपचार चल रहा है।
नहीं मानी हार, जख्मी हालत में ही चल दिया अस्पताल
पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल कालू बाइक से शिकारपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर निकल गया। सूचना पर पुलिस पीआरवी मौके पर पहुंची तो वहां कालू नहीं था। कालू से संपर्क किया तो उसने अस्पताल जाने की बात कही। पुलिस ने बीच रास्ते में कालू को रोककर गाड़ी में बैठाया और स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
संदिग्धों से पूछताछ, चलाया गया चेकिंग अभियान
पुलिस टीम का कहना है कि घटना में किसी परिचित के शामिल होने की आशंका है। किसी को आवश्यक जानकारी थी कि कालू के पास नकदी है और वह किस वक्त घर के लिए गया है। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान भी चलाया। लेकिन, कोई सुराग नहीं लग सका है।
तीन दिन में लूट की तीन वारदात
खुर्जा। क्षेत्र में लगातार तीन दिन में तीन लूट की घटना हो चुकी हैं। गत मंगलवार रात को क्षेत्र के गांव भादवा निवासी युवक से न्यू किला मार्ग के पास 50 हजार रुपये की लूट की वारदात बदमाशों ने की थी। इस मामले में पीड़ित ने मंगलवार रात को शिकायत की और बुधवार को तहरीर भी दी, लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई शिकायत दर्ज नहीं की। वहीं, बुधवार शाम को पहासू के रसूलगढ़ निवासी भानुप्रकाश पाठक अपनी पत्नी के साथ खुर्जा से दवा लेकर गांव जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब चार बजे अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर नकदी व लाखों रुपये की ज्वेलरी लूट ली।
40 दिन पहले हुई थी सेल्समैन की हत्या
खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में 16 अप्रैल को शराब ठेका सेल्समैन आशुतोष शर्मा (26) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कालू की तरह आरोपियों ने आशुतोष की पीठ में केवल एक गोली मारी थी। इस मामले में पुलिस शुरूआत में लूटपाट के मामले को नकार रही थी और 20 दिन तक आरोपी की तलाश नहीं कर सकी। सात मई को पुलिस ने लूटपाट और हत्या के आरोप में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया।