मायावती के खिलाफ की टिप्पणी, विरोध पर हमला
बुलंदशहर/स्याना। थाना क्षेत्र के गांव बरौली वासुदेवपुर में एक युवक को सोशल मीडिया पर बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ की गई आपत्तिजनक पोस्ट का विरोध करना भारी पड़ गया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित युवक के घर पर हमला कर दिया। साथ ही परिजनों पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। स्याना पुलिस ने 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव बरौली वासुदेवपुर निवासी देवदत्त ने तहरीर देकर बताया कि बीते दिनों गांव निवासी युवक नीरज ने अपनी फेसबुक पर बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए पोस्ट वायरल कर दी थी। जिसे पीड़ित के पुत्र सनी ने देखा तो उसका विरोध किया। जिस पर आरोपी नीरज आग बबूला हो गया। साथ ही अपने साथी आकाश, पंकज, मिथुन, रमन, मुकेश, पोलार्ड, भीषम, देवू, नीरज, सुंदर, कृष्ण और 20 अज्ञात आरोपियों को लेकर पीड़ित के घर में घुस आया। इसके बाद आरोपियों ने अभद्रता करते हुए पुत्रों व पत्नी के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। शोर शराबा होने पर अन्य लोगों को आता हुआ देख आरोपी मौके से उन्हें हत्या की धमकी देकर भाग निकले। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर 13 नामजद समेत 20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।