गाजियाबाद में बुलंदशहर का एक युवक मिला कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। बीबीनगर क्षेत्र निवासी एक युवक गाजियाबाद में कोरोना संक्रमित मिला है। हालांकि जिले में कोरोना संक्रमित के आंकड़ों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। वहीं, एक सप्ताह पूर्व पॉजिटिव मिली अमेरिका से आई छात्रा की होम आइसोलेशन की अवधि मंगलवार को पूरी होने पर छुट्टी दे दी जाएगी।
बीबीनगर ब्लॉक क्षेत्र के गांव ढकौली निवासी एक युवक ने भर्ती के दौरान गाजियाबाद में कोविड जांच कराई। जो पॉजिटिव आई। फिलहाल युवक गांव में होम आइसोलेट है और युवक का केस अभी गाजियाबाद में ही दर्ज होने के कारण जिले में कोरोना संक्रमित के आंकड़ों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रोहताश यादव ने बताया कि जिले में फिलहाल 20,220 केस हैं। इसमें 244 लोगों की मौत तो 19,975 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल एक केस एक्टिव है।
विदेश से लौटे कुल 450 लोग
कोरोना संक्रमण के नए स्वरूप ओमिक्रॉन की दस्तक के बाद से लगातार जनपद में विदेश से लौटने वाले लोगों का सिलसिला जारी है। शासन से मिली सूची के आधार पर विभागीय कर्मी संबंधित लोगों को ट्रेस करने में जुटे हुए हैं। साथ ही रैपिड रिस्पांस टीमें संबंधित के घर जाकर जांच करेंगी। 30 नवंबर से 26 दिसंबर तक जनपद में 450 लोग विदेश यात्रा कर लौटे हैं। इनमें 101 ट्रेस नहीं हो पाए हैं। 39 लोग जिले के निवासी हैं जो अभी तक नहीं लौटे हैं। शेष लोगों में 249 लोगों का कोविड सैंपल लिया जा चुका है। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि विदेश से आने वालों की सूची प्राप्त होने पर संबंधित को पते के आधार पर ट्रेस करवाया जा रहा है।
शाम पांच बजे तक 15,971 लोगों ने लगवाया टीका
कोरोना से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण का ग्राफ में काफी प्रयास के बावजूद बढ़ोत्तरी नहीं हो पा रही है। सोमवार को जिलेभर टीकाकरण केंद्रों पर शाम पांच बजे तक 15,971 लोगों को टीका लगाया गया।