सोते समय किशोरी का किया अपहरण, दो आरोपी गिरफ्तार
शिकारपुर/बुलंदशहर। सलेमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को गांव के ही चार दबंग तमंचे के बल पर अपहरण कर ले गए। आरोपियों ने अपनी चक्की पर ले जाकर किशोरी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी उसे पीटने लगे जिसकी आवाज सुनकर परिजन जाग जाग गए। जिन्हें आता देख आरोपी मौके से हत्या की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ लिया है।
व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि 29 जुलाई को उनकी 14 वर्षीय पुत्री परिजनों के साथ घर में सोई हुई थी। इस दौरान गांव के चार दबंग प्रवृत्ति के आरोपी सहदेव उर्फ रोबिन, बस्सु, नोनी उर्फ सतेन्द्र व डब्बू उर्फ डिगम्बर दीवार कूदकर घर में अंदर आ गए और उसकी पुत्री को तमंचे की बल पर मुंह में कपड़ा ठूंसकर अपहरण कर अपनी चक्की पर ले गए। आरोपियों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। पुत्री के चिल्लाने और शोर मचाने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई की। आवाज सुनकर परिजन जाग गए और मौके पर पहुंचे। जहां से आरोपी उन्हें हत्या की धमकी देकर भाग निकले।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपी नोनी उर्फ सतेंद्र व डब्बू को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।