बिटोरे में शव जलाने वाला हत्यारोपियों गिरफ्तार
चोला। युवक का अपहरण कर उसकी हत्या के बाद शव को बिटोरे में जलाने के आरोपी दो साल से फरार चल रहे थे। मामले में महिला समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
नौ जुलाई 2019 को चौकी क्षेत्र के गांव निठारी के जंगल में ग्रामीणों ने जले हुए एक बिटोरे में मानव कंकाल के अवशेष देखे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी थी। मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया था जब अटेरणा थाना छायसा फरीदाबाद निवासी रूपचंद पुत्र पप्पू ने चोला चौकी पहुंचकर बताया था कि उसके पुत्र बबलू को निठारी निवासी पिंकी, राजीव, बॉबी ने अगवा कर उसकी हत्या करके बिटोरे में उसके शव को जला दिया है।
20 अक्तूबर 2019 को रूपचंद ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद विवेचना को चोला चौकी ट्रांसफर कर दिया गया था। जिसके बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी थी और तीनों आरोपी फरार चल रहे थे। चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को उन्हें सूचना मिली कि तीनों आरोपी कार से कहीं फरार होने की फिराक में है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने तीनों आरोपियों को नैथला के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक बबलू के पिंकी, राजीव, बॉबी पर करीब डेढ़ लाख रुपये उधार थे। वहीं बबलू शराब पीकर तीनों लोगों को गाली भी देता था। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि लेनदेन के विवाद और शराब पीकर अपमानित करने का बदला लेने के लिए उन्होंने बबलू की हत्या की। पहचान छिपाने को उन्होंने उसके शव को बिटोरे में जला दिया।