चोरों के गैंग ने लूटा था 14.5 लाख की चादर से भरा ट्रक
बुलंदशहर। 20 अगस्त को 14.5 लाख की लोहे की चादर से भरे ट्रक को लूटने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही इनसे लूटा हुआ माल भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा लूट की ये पहली वारदात है। इससे पहले ये छोटी-मोटी चोरी और मारपीट जैसी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे।
पीड़ित ट्रक मालिक मोहम्मद फारुख पुत्र अशफाक हुसैन ने 21 अगस्त को तहरीर दी थी कि हरियाणा के फरीदाबाद से उसके दस टायरा ट्रक को चालक फरीद पुत्र नसीर शाह निवासी दारापुर मुरादाबाद और कुलदीप कुमार पुत्र बलवंत सिंह निवासी मुरादाबाद लेकर काशीपुर आ रहे थे। 20 अगस्त की रात करीब एक बजे कोतवाली देहात की नई मंडी रिपोर्टिंग चौकी क्षेत्र में अनूपशहर रोड पर छत्रपति शिवाजी कॉलेज के पास कुछ लोगों ने ट्रक रुकवा लिया और पीछे से एक कार से आए बदमाशों ने चालक और परिचालक को बंधक बना लिया। दो बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए। जबकि कुछ आरोपी अपनी कार में चालक व परिचालक को डालकर गौतमबुद्धनगर में फेंक गए थे। अब पुलिस ने वारदात में शामिल छह आरोपियों और लूट का माल बेचने के प्रयास में साथ रहे आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार तमंचे, दो छुरी और पांच मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रक को डिबाई के गांव पंड्रावल में खड़ा रखा था।
रिपोर्ट दर्ज ट्रक लेकर भागने की, अब पुलिस बता रही लूट
करीब 14.5 लाख रुपये की लोहे की चादर से भरे ट्रक की लूट के मामले में पुलिस ने तहरीर में ट्रक लेकर फरार होना लिखवाया था। अब जब पुलिस मामले का खुलासा कर रही है तो वारदात को लूट बताकर वाहवाही बटोरने में लगी हुई है। जबकि तहरीर में बदमाशों को भी कार सवार दर्शाते हुए अवैध हथियार न होने की बात लिखवाई गई थी।
पुलिस ने गैंगेस्टर अधिनियम में निरुद्ध आरिफ निवासी देवीपुरा कोतवाली नगर, साबिर निवासी रबूपुरा गौतमबुद्धनगर, अमित निवासी दनकौर गौतमबुद्धनगर, अकरम निवासी मोहल्ला शेखान डिबाई, अर्जुन उर्फ आरजू निवासी दनकौर गौतमबुद्धनगर, शाहिद खान निवासी शांति नगर भूड़, अवधेश निवासी डिबाई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी : अनूपशहर रोड पर सात बदमाशों ने ट्रक समेत करीब 40 लाख रुपये के लूट की वारदात को अंजाम दिया था। नई मंडी पुलिस चौकी और स्वाट टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वारदात का खुलासा करने वाली टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।