अब अंक सुधार के लिए 15 दिसंबर तक करें आवेदन
बुलंदशहर। वर्ष 2021 की मुख्य परीक्षा के समस्त प्रमोटेड विद्यार्थियों को अंक सुधार के लिए यूपी बोर्ड ने 15 दिसंबर तक का मौका दिया है। इन विद्यार्थियों को वर्ष 2022 में होने वाली परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उत्तीर्ण होने के बाद छात्र-छात्राओं को वर्ष 2021 की ही मार्कशीट मिलेगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2021 की परीक्षाएं कोरोना की वजह से आयोजित नहीं हो पाई थीं। सभी छात्र-छात्राओं को पूर्व वर्षों के प्रदर्शित और प्री-बोर्ड परीक्षा के प्राप्तांक के आधार पर प्रमोट किया गया था। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पिछले दिनों आयोजित हुई अंक सुधार परीक्षा में शामिल हुए विद्यार्थियों को छोड़कर सभी परीक्षार्थियों को वर्ष 2022 की मुख्य परीक्षा के साथ अंक सुधार परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया है। इन विद्यार्थियों के भले ही वर्ष 2022 की परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा, लेकिन अंक पत्र और सह प्रमाणपत्र में वर्ष 2021 ही अंकित होगा। छात्र-छात्राएं 15 दिसंबर तक परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
परीक्षा में शामिल होने का नहीं देना होगा शुल्क
जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने बताया कि अंक सुधार परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को कोई शुल्क नहीं देना होगा। प्रमोटेड और अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी को निशुल्क आवेदन के लिए व्यवस्था दी गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने पत्र भेजकर अवगत कराने का निर्देश दिया है।
पुराने पाठ्यक्रम के चयन का भी दिया विकल्प
डीआईओएस ने बताया कि वर्ष 2022 की परीक्षा में हाईस्कूल में अंग्रेजी और इंटर के अंग्रेजी व कॉमर्स विषयों में एनसीईआरटी का पाठ्यक्रम लागू हो गया है। वर्ष 2021 की परीक्षा में जो प्रमोटेड या अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी पुराने पाठ्यक्रम से ही परीक्षा देना चाहते हैं। उनके लिए वेबसाइट पर पुराने पाठ्यक्रम के विषयों के चयन के लिए व्यवस्था दी गई है।