चोला। गांव पचौता में होली के अवसर पर लगने वाले धार्मिक मेले में प्रसाद चढ़ाने आईं ब्लॉक प्रमुख और परिवार की महिलाओं के साथ मनचलों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी पिटाई की। एसएसपी के दखल के बाद पुलिस ने प्रमुख के पति की तहरीर पर दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी पत्नी ब्लॉक प्रमुख हैं। गांव पचौता में होली के अवसर पर लगने वाले धार्मिक मेले में मंगलवार की शाम करीब छह बजे वह बेटी, भांजी, परिवार की अन्य महिलाओं के साथ प्रसाद चढ़ाने के लिए आई थीं। मेले में कुछ लोगों ने उनपर अश्लील टिप्पणी करते हुए छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उन्होंने हाथापाई की और फोन कर 20-25 अन्य लड़कों को मौके पर बुला लिया। जब पत्नी, महिलाएं गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो युवकों ने उन्हें गाड़ी से खींचते हुए फिर से अश्लील हरकतें करते हुए मारपीट की और बच्चों व लड़कियों को जमीन पर धक्का दे दिया। शोर सुनकर लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बच्चों द्वारा घटना की वीडियो बनाई गई है।
जानकारी होने पर ब्लॉक प्रमुख के पति अपने समर्थकों के साथ चोला थाने पहुंच गए और कार्रवाई के लिए थाने के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने एसएसपी श्लोक कुमार समेत अन्य अधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि आरोपी सचिन यादव, आर्यन यादव समेत 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मेले में पुलिस की सक्रियता पर सवाल
मेले में इस तरह की वारदात पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठा रही है। मेले में व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस चौकी बनाई गई है। यहां तीन इंस्पेक्टर, पांच सबइंस्पेक्टर, 55 कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती है। इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात होने के बाद भी मेले में इस तरह की वारदात हो गई। चौकी से करीब 50 मीटर दूर घटना हुई लेकिन पुलिस को पता नहीं चल सका। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन आरोपी भीड़ से होकर भाग निकले थे। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - श्लोक कुमार, एसएसपी