संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। साइबर ठगों ने एक स्कूल के बंधक से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 80 हजार रुपये की ठगी कर ली है। पीड़ित ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
देहात कोतवाली की यमुनापुरम कॉलोनी निवासी शैंकी अग्रवाल ने एसएसपी को तहरीर देकर बताया कि वह नोएडा स्थित एक कंपनी में मैनेजर के पद पर तैनात है। गत 28 फरवरी को वह फेसबुक चला रहे थे। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन ट्रेडिंग के एक लिंक पर क्लिक किया। जिसके कुछ देर बाद उनके फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। आरोपी ने संबंधित ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी का अधिकारी बताते हुए पीड़ित से बात की। साथ ही पीड़ित को ट्रेडिंग करने की सलाह दी। जिस पर शैंकी उनके झांसे में आ गए और पहली बार में उन्होंने 10 हजार रुपये इंवेस्ट किए। जिससे उन्हें कुछ लाभ भी हुआ। इससे शैंकी आरोपी के झांसे में आ गए और दो व तीन मार्च को उन्होंने आरोपी के माध्यम से 80 हजार रुपये इंवेस्ट कर दिए। इसके बाद पीड़ित ने जब आरोपी से फोन पर बात करने की कोशिश की तो वह नंबर बंद जा रहा था। पीड़ित ने मामले में एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने साइबर सेल से मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।