बुलंदशहर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने बुधवार डीएफओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही विभाग पर बिना परमिशन पेड़ कटवाने समेत कई तरह के आरोप लगाए। इसके अलावा डीएफओ विनीता सिंह को पत्र सौंपकर समस्याओं को जल्द से जल्द दूर कराने की मांग की गई।
भाकियू टिकैत द्वारा डीएफओ कार्यालय धरना-प्रदर्शन के साथ पंचायत की गई। इसकी अध्यक्षता बाबा चतर सिंह और संचालन कैप्टन बिशन सिरोही ने की। जिला अध्यक्ष अरब सिंह ने बताया कि वन विभाग की ओर से वर्ष 2023-24 में रोपित किए गए पौधे नहीं मिले। विभाग की मिलीभगत से हरी पट्टी को भूमाफिया की मिलीभगत से बेचा जा रहा है। लगातार अवैध कटान हो रहा है और यह विभाग की मिलीभगत से हो रहा है। जिले में लकड़ी भरकर ट्राले सड़कों पर अक्सर देखे जा सकते हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। दूसरी ओर यदि कोई किसान पेड़ काट ले तो उस पर भारी भरकर जुर्माना लगा दिया जाता है। इन सभी समस्याओं को लेकर यह धरना-प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर लोकेंद्र प्रधान, वीरेंद्र यादव, केडी त्यागी, अभय सिंह लोधी, रोहताश तेवतिया, लीलू प्रधान, चौ. मुकेश सिंह, शिवपाल सिंह, रामराज सिंह, वेदपाल सिंह, आलोक चौधरी व सुरेंद्र पहलवान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।