संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव मुरादाबाद में 23 अप्रैल को किसान विपिन उर्फ शंकर की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गाली देने पर गांव के ही भूपेंद्र ने रात में डेढ़ बजे सोते समय गला काट दिया था। पुलिस आरोपी भूपेंद्र को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बलकटी को बरामद कर लिया है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि 23 अप्रैल की रात करीब साढ़े नौ बजे विपिन उर्फ शंकर का गांव निवासी दो लोगों से विवाद हो गया था। भूपेंद्र ने मामले में मध्यस्थता करने की कोशिश की। इस बात पर विपिन बिफर गया और भूपेंद्र के साथ ही अभद्रता करते हुए उसे बहन की गाली दे दी। इसके बाद विपिन को कुछ भी कहे बिना भूपेंद्र अपने घर चला गया। पूछताछ में भूपेंद्र ने बताया कि विपिन की दी हुई गाली उसे चुभती रही। इसके बाद उसने विपिन को मारने की योजना बनाई।
घर में रखी बलकटी को लेकर रात करीब 12 बजे विपिन के घर से करीब पांच सौ मीटर दूर अपने ट्यूबवेल पर जाकर बैठ गया। विपिन के घेर पर जल रहे बल्ब की रोशनी से वहां का नजारा साफ दिख रहा था। रात करीब एक बजे के बाद जब हलचल दिखाई देनी बंद हो गई तो भूपेंद्र बलकटी लेकर विपिन के घेर पर पहुंच गया। विपिन चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रहा था। भूपेंद्र ने पहले घेर में जल रहे बल्ब को उतारकर पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान में फेंका। कुछ देर तक विपिन के बराबर में ही जमीन पर बैठा रहा। आधे घंटे तक कशमकश में रहा। इस दौरान वहां बीड़ी भी पी। एकबारगी हत्या का इरादा छोड़ कुछ कदम वापस लौट आया। अचानक फिर से अपनी बेइज्जती का ख्याल आया और फिर से उसकी चारपाई के पास जमीन पर जाकर बैठ गया।
उस दौरान विपिन ने करवट ली हुई थी। तभी भूपेंद्र ने बलकटी से उसकी गर्दन पर पहला वार कर दिया। उसकी हल्की सी चीख निकली तो फिर एक प्रहार कर दिया। इतने में विपिन निढाल हो गया। उसकी मौत की संतुष्टि हिला-डुला कर करने के बाद उसे चादर ओढ़ाकर अपने घर चला गया। भूपेंद्र का कहना है कि विपिन की हत्या का उसे बिल्कुल भी अफसोस नहीं है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बलकटी और बल्ब बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गुस्से में उस दिन नहीं बनाया था खाना
भूपेंद्र गांव में अकेला रहता था। उसका परिवार सिकंदराबाद में रहता है। भूपेंद्र गांव में ही रहकर खेतीबाड़ी करता और खाना से ही खाना बनाता था। वारदात वाली रात उसने गुस्से में खाना भी नहीं बनाया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि बलकटी को उसने घटना से पहले धार लाने के लिए बलकटी के उसने 20 मिनट तक रेती से घिसा था।