दुस्साहस: दलाल ने कार्यालय में घुसकर एआरटीओ को पीटा
बुलंदशहर। संभागीय परिवहन कार्यालय दलालों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को एक दलाल ने कार्यालय में घुसकर एआरटीओ को पीट दिया। उनके नाक, मुंह और गर्दन में चोट आई है। धमकी, हाथापाई और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आरोपी लोकेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
संभागीय परिवहन कार्यालय के कक्ष संख्या 10 में लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन करने वालों की परीक्षा ली जाती है। पिछले माह से घर से ही परीक्षा देने की छूट है। कुछ आवेदक अभी भी कार्यालय पर पहुंचकर परीक्षा दे रहे हैं। मंगलवार को एआरटीओ प्रशासन मोहम्मद कय्यूम परीक्षा कक्ष में बैठे हुए थे। इसी दौरान एक दलाल एक युवक की पहले परीक्षा कराने का दबाव बनाने लगा। नियमानुसार परीक्षा की बात कहने पर दलाल अभद्रता पर उतर आया और एआरटीओ प्रशासन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए एआरटीओ प्रशासन पर हमले की सूचना पर मौके पर पहुंचे विभागीय कर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कराया। आरोपी दलाल अंजाम भुगत लेने की धमकी देकर मौके पर से भाग खड़ा हुआ। मारपीट में एआरटीओ प्रशासन केे नाक, मुंह और गर्दन पर चोटें आई हैं।
परिसर के अंदर अनाधिकृत रूप से बैठता है युवक
अफसरों के अनुसार कार्यालय परिसर में काफी संख्या में लोग मेज-कुर्सी डालकर अनाधिकृत रूप से बैठे रहते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों से कार्य कराने के एवज में अवैध उगाही करते है। इन पर पूर्व में जिला प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई की गई। इसके कुछ दिन बाद दोबारा दलालों ने कब्जा जमा लिया।
एआरटीओ से मारपीट के बाद कार्यालय हुआ बंद
एआरटीओ प्रशासन पर हुए हमले के बाद कर्मियों ने आरोपी युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर कार्यालय बंद कर दिया। कार्यालय बंद हो जाने पर परिसर के आस-पास स्थित सभी दुकानों के भी शटर गिर गए।
15 मिनट तक इमरजेंसी में मेडिकल कराने को किया इंतजार
पुलिस को तहरीर देने के बाद एआरटीओ प्रशासन जिला अस्पताल में मेडिकल कराने पहुंचे। इस दौरान करीब 15 मिनट तक इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक मौके पर नहीं पहुंचे। अस्पताल प्रशासन को अवगत कराए जाने के 15 मिनट बाद चिकित्सक मौके पर पहुंचे और मेडिकल संबंधी कार्रवाई में जुट गए।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
एआरटीओ प्रशासन से की गई मारपीट की घटना परीक्षा कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। साक्ष्य के आधार पर एआरटीओ प्रशासन ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अनाधिकृत रूप से कब्जा जमा कर बैठे दलालों पर कार्रवाई के लिए प्रशासन से मांग की है।
प्रतिदिन की तरह कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान एक दलाल आया और पहले काम कराने के लिए दबाव बनाने लगा। शोर मचाने पर कार्यालय से बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी बीच आरोपी ने हमला बोल दिया। - मोहम्मद कय्यूम, एआरटीओ प्रशासन
हाथापाई, धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी