पेट्रोल पंप पर पानी मिला पेट्रोल दिखाता व्यक्ति।
- फोटो : BULANDSHAHR
पंप पर पानी मिलाकर पेट्रोल बेचने की वीडियो वायरल
बुलंदशहर। अहमदगढ़ में एक पेट्रोल पंप पर पानी मिलाकर पेट्रोल बेचने का वीडियो वायरल हो रहा है। इसका पता चलते ही डीएसओ ने विभाग की टीम को पंप पर जांच के लिए भेजा। टीम ने पेट्रोल के सैंपल ले लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
वीडियो में एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल दिखाकर यह बता रहा है कि इसमें पानी मिला हुआ है। जब इस व्यक्ति ने हंगामा किया तो पंप पर कार्यरत कर्मचारी वहां से भागते दिखाई दे रहे हैं। व्यक्ति पेट्रोल पंप से पेट्रोल व डीजल न लेने की वाहन चालकों से अपील कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक सुधांशु यादव के नेतृत्व में जांच के लिए एक विभागीय टीम को पेट्रोल पंप पर भेजा था। यहां से इस टीम ने पेट्रोल के सैंपल लिए हैं। सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। लैब से जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंप संचालकों को चेतावनी दी है कि किसी भी कीमत पर मिलावटी पेट्रो पदार्थों की बिक्री नहीं करने दी जाएगी।