बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठग ने एक युवक को बैंक खाता बंद होने का झांसा देकर और खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए उसके खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
जिले में साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन किसी न किसी व्यक्ति से ठगी का मामला सामने आ रहा है। कोतवाली नगर के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी पीड़ित दिलशाद ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि बीते दिन किसी अज्ञात शख्स ने बैंक अधिकारी बनकर उसे कॉल किया और उसके खाते की केवाईसी न होने के चलते खाता बंद होने की चेतावनी दी। इसके बाद आरोपी ने फोन पर ही केवाईसी कराने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी ने उससे महत्वपूर्ण जानकारी लेकर उसके खाते से 35 हजार रुपये निकाल लिए। बाद में मोबाइल पर मैसेज आने पर उसे ठगी का पता चल सका। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा साइबर टीम की मदद से जांच की जा रही है।