बुलंदशहर। शहरवासियों को सीवर की जर्जर व्यवस्था से जल्द ही राहत मिलने वाली है। शहरी क्षेत्र में 13 किलोमीटर लंबी नई सीवर लाइन बिछाने का काम अगले माह शुरू होगा। इसके लिए शासन से 57 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। कार्यदायी संस्था की ओर से सर्वे कार्य जारी है। योजना के तहत 27 हजार घरों को नए सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे।
नगर क्षेत्र में पहले 386 करोड़ रुपये की लागत से सीवर नेटवर्क बिछाया गया था। मोहनकुटी में एक एसटीपी और छह इंटीग्रेटेड पंपिंग स्टेशन बनाए गए थे। करीब 25 हजार घरों को कनेक्शन देने के बावजूद सिस्टम की गुणवत्ता सवालों के घेरे में रही। कई स्थानों पर पाइप टूट गए और सीवर का पानी नालियों में बहने लगा। यमुनापुरम समेत कई कॉलोनियों में स्थिति जस की तस बनी हुई है। यमुनापुरम जैसी कॉलोनियों में जर्जर सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पहले नगर पालिका ने 100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था। अब शासन से स्वीकृति मिलने के बाद 57 करोड़ से 13 किमी नई लाइन और 27 हजार कनेक्शन देने का टेंडर जारी किया गया है। जल निगम के एक्सईएन आशीष खेवरिया ने बताया कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से काम शुरू होने की संभावना है।