बदायूं। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेलों के प्रति बढ़ावा देने के लिए शासन ने मिनी स्टेडियम बनाने की बात कही थी। युवा कल्याण विभाग और राजस्व विभाग की ओर से गांवों और कस्बों में जमीन तलाशने का काम भी किया गया। तीन जगह सरकारी जमीन चिह्नित कर मिनी स्टेडियम बनाने के लिए पत्रावली तैयार करके शासन को भेजी गई थी, लेकिन अभी तक स्टेडियम बनाने की अनुमति नहीं मिल सकी।
सरकार की ओर से युवाओं को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि युवा ग्रामीण अंचल से निकलकर जिले का नाम रोशन कर सकें । वर्ष 2017 में केंद्र सरकार ने राजीव गांधी खेल अभियान योजना का नाम बदलकर खेलो इंडिया रख दिया। इस योजना के तहत प्रदेश भर के जिलों में स्टेडियम और मिनी स्टेडियम बनाने की बात कही गई। इसके तहत जिले से भी प्रस्ताव मांगे गए। ऐसे में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग ने जिले में मिनी स्टेडियम बनाने के लिए जगह की तलाश शुरू कर दी। आसफपुर और दहगवां में 2018 में जमीन मिलने के बाद इनका प्रस्ताव बनाकर विभाग ने शासन को भेज दिया था, लेकिन आज तक मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाया। इसी बीच में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं के बगैरन में वर्ष 2020 में मिनी स्टेडियम खोलने की घोषणा की। यह भी आज तक नहीं बन सका।
जमीन हो चुकी है विभाग के नाम स्थानांतरित
आसफपुर और दहगवां में स्टेडियम बनाने के लिए मानक के अनुसार पूरी जगह विभाग को मिल गई। विभाग के मुताबिक आसफपुर में छह और दहगवां में आठ एकड़ जगह मिल गई थी, लेकिन स्टेडियम आज तक नहीं बन सका।
दातागंज में मिली जमीन
विभाग की ओर से दातागंज में भी स्टेडियम बनाने के लिए जगह तलाशी जा रही है, राजस्व विभाग की मदद से विभाग को अगस्त 2020 में यहां पर सहकारिता विभाग की जमीन मिली थी, इसको लेकर विभाग ने पत्राचार किया, लेकिन यह जमीन विभाग को नहीं मिल सकी
आसफपुर और दहगवां में जमीन मिली थी, इसका प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अभी मंजूरी नहीं मिली है। हालांकि बगरैन में मिनी स्टेडियम बनना हैं। इसके लिए तैयारी चल रही है, उम्मीद है जल्द ही यहां पर काम शुरू हो सकता है। - गोपाल राम, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी