बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम पसेई में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक सोमवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग। बोला कि अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो वह टावर से कूद जाएगा। इसकी सूचना पर नायब तहसीलदार और थाना पुलिस पहुंच गई। उन्होंने उसके आंगन में लगाई गई दीवार गिरवा दी और बंटवारा कराने को न्यायालय में मुकदमा दायर कराने को कहा।
ग्राम पसेई निवासी गौतम पुत्र अखिलेश का कहना है कि उसके दादा ओमकार दो भाई थे। उसके दादा के बेटे यानी उसके पिता अखिलेश हैं जबकि दूसरे दादा श्याम सिंह के कोई बेटा नहीं है। उनके तीन बेटियां हैं। उनके एक दामाद सौदान सिंह यहीं रहते हैं। करीब 25 साल पहले उसके पिता अखिलेश ने मकान का निर्माण कराया था। आरोप है कि अब सौदान सिंह उस पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने दबंगई में उसके घर के आंगन में लगी चारा मशीन उखाड़कर फेंक दी और घर के आंगन में दीवार खड़ी कर दी, जिससे उनका निकास बंद हो गया। दो दिन पहले लेखपाल भी गांव आए थे लेकिन वह कोई समाधान करके नहीं गए।
New Criminals Law: नया कानून लागू, अब नई धाराओं में होगी एफआईआर, जानिए क्या-क्या हुआ बदलाव
इस संबंध में राजस्व विभाग के अधिकारियों से शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे तंग आकर गौतम सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव में ही लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से जान देने की धमकी देने लगा। इसकी सूचना पर थाना पुलिस और नायब तहसीलदार हेमराज मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक को समझाबुझाकर शांत कराया।
नायब तहसीलदार ने कहा कि बंटवारे के मामले में तहसील आकर मुकदमा दायर कराएं, जिससे उनके विवाद का निस्तारण हो सके। उन्होंने दोनों पक्षों को बटवारा दायर कराने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया है कि कोई भी व्यक्ति निर्माण कराने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उन्होंने आंगन में लगाई गई दीवार गिरवा दी है।