बदायूं। छात्रा के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा पाने वाले पूर्व विधायक योगेंद्र सागर की कोरोना की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे योगेंद्र सागर को स्थायी बैरक मिलने का रास्ता साफ हो गया है। दो-एक दिन में स्थायी बैरक आवंटित कर दी जाएगी।
पूर्व विधायक योगेंद्र सागर को 30 अक्तूबर को उम्रकैद की सजा हुई थी। करीब चार दिन तक योगेंद्र सागर को जेल के सामने बनाई गई अस्थायी बैरक में रखा गया। जहां उसके रैपिड एंटीजन टेस्ट समेत अन्य टेस्ट कराए गए थे। एंटीजन जांच में योगेंद्र सागर निगेटिव आया था। इसके बाद उसे जेल के अंदर ले लिया गया और उसे 12 नंबर मुलायहजा बैरक में भेज दिया गया। तब से योगेंद्र सागर इसी बैरक में है। बताया जा रहा है कि अभी कुछ दिन तक योगेंद्र सागर बीमार रहा। इससे उसे जेल के अस्पताल में भर्ती रखा गया। अभी दो दिन से उसे फिर से 12 नंबर बैरक में भेज दिया गया। इस दौरान उसकी आरटीपीसीआर जांच भी कराई गई। अब उसकी कोविड रिपोर्ट भी आ गई है जिसमें योगेंद्र सागर निगेटिव निकला है। जेल प्रशासन ने उसे स्थायी बैरक में भेजने का निर्णय लिया है। एक दो दिन में उसे स्थायी बैरक में भेज दिया गया जाएगा।