फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun: पिता ने लगाया था हत्या का आरोप, पति बोला- प्रेमी संग गई, 21 दिन बाद लौटी विवाहिता तो सामने आया सच

Wed, 01 Feb 2023 06:23 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

उझानी से लापता महिला 21 दिन बाद अपने घर लौट आई है। उसके लापता होने पर पिता और पति ने अलग-अलग आरोप लगाए थे, लेकिन विवाहिता के वापस आने पर मामले में नया मोड़ सामने आ गया। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के उझानी से 21 दिन पहले लापता विवाहिता के मामले में उसके प्रेमी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद बुधवार दोपहर को नया मोड़ आ गया। विवाहिता पहले घर लौटी, फिर कोतवाली आकर पति पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंप दी। उसने पुलिस को बताया कि तंग आकर वह बरेली में मजदूरी करने लगी थी।

विज्ञापन


विवाहिता कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। वह नौ जनवरी को घर से लापता हो गई थी। बुधवार दोपहर कोतवाली आकर उसने पुलिस को बताया कि उसके पति ने ही मनगढ़ंत कहानी रच डाली। वह पति की हरकतों से तंग आकर खुद ही घर से निकल गई थी। इस दौरान बरेली के भोजीपुरा इलाके में मजदूरी की। विवाहिता ने किसी से भी प्रेमप्रसंग होने से इनकार किया है। बता दें कि महिला का पति ने गांव के ही चंद्रकिशोर उसके तीन परिजनों पर प्रेमप्रसंग में पत्नी फंसाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

महिला के पिता ने भी पति पर लगाए थे आरोप 

लापता विवाहिता के बदायूं निवासी पिता को पता लगा तो उसने भी पति की भूमिका पर सवाल उठाए थे। पिता ने आठ दिन पहले कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी थी कि उसकी बेटी की पति ने हत्या कर शव गायब कर दिया है। इधर, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता से पूछताछ की गई है। उसने खुद ही बाहर चले जाने की बात कही है। फिर भी हकीकत का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

घर लौटने पर बेटियां छीनने का आरोप

विवाहिता ने पुलिस को यह भी बताया कि बुधवार दोपहर वह घर लौटी तो पति ने मारपीट शुरू कर दी। उसकी तीन बेटियां हैं। बेटियों को लेकर वह शिकायत करने के लिए घर से निकली तो पति ने उन्हें भी छीन लिया। उसने पति से जान का खतरा बताते हुए पिता के घर जाने की इच्छा व्यक्त की। बताया कि अगर उसे पति के घर भेजा गया तो वह उसे मार डालेगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें