बदायूं में बरेली-मथुरा हाईवे पर दहेमू पुलिया के पास पत्थरों से भरा ट्रॉला बुधवार सुबह पलट गया। ड्राइवर ट्रॉला की केबिन में सीट और स्टेयरिंग के बीच फंस गया। घायल हेल्पर ने लहूलुहान ड्राइवर को निकालने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे बेहोशी की हालत में निकाल लिया। नाजुक हालत में उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। ट्रॉला में बरेली के लिए राजस्थान से पत्थर लोड हुआ था। बताते हैं कि देहमू पुलिया के पास सामने से जंगली जानवर आ जाने पर ड्राइवर फिरोजाबाद जिले में सुजावनगर क्षेत्र के गांव नगला गूंज निवासी राहुल (28) पुत्र राजपाल ट्रॉला पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रॉला सड़क किनारे गहरी खंदी में गिरकर पलट गया। ट्रॉला की केबिन में स्टेयरिंग और सीट के बीच फंसे घायल राहुल को निकालने के लिए हेल्पर पंचू ने मशक्कत की, लेकिन वह उसे बाहर नहीं निकाल पाया। उसने सड़क पर आकर कुछ वाहनों को भी रुकवाया। वाहन सवार लोगों ने भी कोशिश कर ली।
इसके बाद हेल्पर ने फोन करके पुलिस और एंबुलेंस बुला ली। एंबुलेंस और पुलिसकर्मी भी जब ड्राइवर को निकालने में सफल नहीं हो पाए तो मौके पर जेसीबी भी बुला ली गई। जेसीबी से ट्रॉला के केबिन को सीधा किया गया। बाद में स्टेयरिंग काटकर ड्राइवर राहुल को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। इसमें करीब दो घंटे लग गए। एंबुलेंस कर्मी सत्येंद्र और राजपाल ने बताया कि राहुल की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एंबुलेंस कर्मियों ने ड्राइवर के परिजनों को भी फोन कर अवगत करा दिया है।