कश्मीरी चौके के पास में व्यापारी को निर्देशित करते सिटी मजिस्ट्रेट। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बुधवार को सीओ सिटी के साथ पैदल शहर में घूमकर अस्थायी अतिक्रमण को हटवा दिया। इस दौरान सड़क पर खड़े कई वाहनों का चालान भी किया गया।
नगर पालिका ईओ संजय तिवारी के निलंबित होने के बाद में पिछले दिनों सिटी मजिस्ट्रेट को नगर पालिका के ईओ का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। इसके बाद में सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार सीओ सिटी चंद्रपाल के साथ बुधवार को शहर की सड़कों को हाल जाने के लिए प्राइवेट बस स्टैंड से परशुराम चौक (लावेला चौक), कश्मीरी चौक, गद्दी चौक, गांधी ग्राउंड होते हुए परशुराम चौक पर पहुंचे। इस दौरान पाया कि अधिकांश व्यापारियों ने सड़क पर कब्जा कर अपनी दुकानों को सजा लिया है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि कोई भी व्यापारी सड़क पर अतिक्रमण नहीं करेगा। इस दौरान कई व्यापारियों के यहां से अस्थाई अतिक्रमण को तुरंत हटवाया। साथ ही निर्देश दिए कि दोबारा अतिक्रमण मिला तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल स्टोर्स के काउंटर को कराया अंदर
सिटी मजिस्ट्रेट ने परशुराम चौक (लावेला चौक) पर पाया कि दवा विक्रेताओं ने अपनी हद से बाहर दवाओं के काउंटर सजा लिया है। इसकी वजह से पब्लिक को सड़क पर खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने तुरंत ही सभी दवा विक्रेताओं के काउंटर को अंदर कराया। साथ ही निर्देश दिए कि अब यह दोबारा हद से बाहर से आएं तो कार्रवाई करते हुए काउंटर को जब्त करा लिया जाएगा।
पुराने आंवला स्टैंड पर काटे कई वाहनों के चालान
श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज के सामने (पुराने आंवला बस स्टैंड) के पास में काफी वाहन सड़क किनारे खड़े हुए थे। इससे सड़क पर उनकी वजह से लोगों को निकलना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में साथ में चल रही पुलिस ने सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर वाहनों के चालान कर दिए।