शारदीय नवरात्र के नौवें दिन अष्टम महागौरी की पूजा अर्चना घरों और मंदिरों में श्रद्धापूर्वक की गई। कई घरों में अष्टमी को कन्याओं और बरुओं को भोजन कराके दान-दक्षिणा दी। इसके साथ ही मंदिरों और घरों में अष्टम महागौरी के मंत्र सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सवार्थ साधिके शरण्येत्र्यंबके गौरी नारायणी नमोस्तुते... का जाप होता रहा है। साथ ही भक्त कल्याण की कामना करते रहे।
शहर के नगला देवी मंदिर, बिरुआबाड़ी मंदिर और गौरी शंकर सहस्त्रधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की सुबह से ही लाइन लग गई। मंदिर में दीपक जलाने, मातारानी के दर्शन करने, रोली, धूप, दीप, नैवेद्य के साथ ही जल अर्पित करने वाले भक्त दोपहर तक मंदिरों में आते रहे। वहीं, देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। घरों में सुबह और शाम को माता रानी और कलश की पूजा अर्चना एवं आरती उतारी गई।
भक्तों ने किया महाअष्टमी पूजन
बदायूं। नवरात्रि के अष्टम दिन भक्तों ने बिरुआबाड़ी मंदिर में महाअष्टमी पूजन एवं सायं पूजन किया। इसके बाद बलिदान पूजन किया गया। वहीं, हापुड़ के भजन सम्राट अनिल पागल के भजनों पर पांडाल में मौजूद लोग झूमने पर मजबूर हो गए। पांडाल में रवि, मुकेश, अंकित, विशाल सक्सेना, मनीष, विवेक आदि मौजूद रहे।
दबतोरी। शारदीय नवरात्र के नौवें दिन मां अष्टम महागौरी के आठवें स्वरूप की विधि विधान से पूजा अर्चना हुई। मंदिरों में महागौरी की पूजा अर्चना के लिए भोर से ही लोग जुटने लगे, जिसमें महिलाओं और पुरुषों के अलावा बच्चे भी पहुंचे थे। इसके अलावा लोगों ने घर में हवन पूजन व्रत कराया। मां के चरणों में लोगों ने अपना शीश रखकर मनौती भी मांगी और महाआरती का भी घरों और मंदिरों में आयोजन किया गया। मंदिरों में जयकारों से माहौल ममतामय हो गया। मंदिरों में भजन कीर्तन भी हुए। ललुआनगला, दबतोरा, लक्ष्मीपुर, मुंसियानगला, बीधा नगला के मंदिरों में भीड़ जुटी रही।
शोभा यात्रा के लिए तैयार की झांकियां
दबतोरी। लक्ष्मीपुर में बैंडबाजे के साथ पूजा अर्चना की गई। चयनित मुख्य मार्ग पर दुर्गा झाकियां निकाली जाएंगी। झांकियों सजाने संवारने का काम चल रहा है। पुलिस ने गांव का भ्रमण कर झाकियां निकाले वाले मार्गों को चिन्हित किया। दबतोरी चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस बल तैनात रहेगा।