उझानी/बदायूं। केंद्रीय सहकारिता एवं पूर्वोत्तर विकास राज्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले बीएल वर्मा बृहस्पतिवार को अपने गृह जिले में पहुंचे तो पार्टी नेताओं समेत कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें चांदी का मुकुट भी पहनाया। रास्ते में कुछेक स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे रूबरू हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने पार्टी में कार्यकर्ताओं को सर्वोपरि बताया।
कहा कि भाजपा ही अपने कार्यकर्ताओं को सम्मान देना जानती है। मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को इतना मान सम्मान दिया, यह दूसरी पार्टियां नहीं कर सकतीं।
जन आशीर्वाद यात्रा सुबह संभल जिले के बबराला टीसीएल से करीब 10 बजे बदायूं के जरीफनगर क्षेत्र में पहुंची।
दहगवां में पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष चंद्र गुप्ता और राजेंद्र प्रसाद गुप्ता की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद उस्मानपुर, सहसवान, कौल्हाई, मुजरिया चौराहा, तिगोड़ा के पास भाजपा नगर उपाध्यक्ष सचिन अग्रवाल के फिलिंग स्टेशन पर भी स्वागत हुआ।
उझानी में आंबेडकर चौराहे पर क्षत्रिय नेता अमित प्रताप सिंह ने केंद्रीय राज्यमंत्री को तलवार भेंट की तो गोशाला मोड़ के पास भाजपा नेता मुकेश शर्मा, किशनचंद्र शर्मा और मोहित राज शर्मा ने चांदी का मुकुट पहनाया। इसके अलावा संतोष कुमारी विद्यालय, मंडी मोड पर नगर अध्यक्ष अखिल अग्रवाल और शंकर गुप्ता, राहुल शंखधार, प्रदीप गोयल के प्रतिष्ठान, डॉ. जेपी सिंह सोलंकी के क्लीनिक समेत करीब कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम हुए। केंद्रीय राज्यमंत्री पंजाबी कॉलोनी स्थित अपने निवास पर पहुंचे तो पत्नी शांति देवी वर्मा ने तिलक लगाकर अभिवादन किया। परिवार के सदस्यों के अलावा पालिका सदस्य सचिन अग्रवाल ने उन्हें फूलमालाएं पहनाईं।
भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव ने सहसवान-बदायूं रोड पर उस्मानपुर गांव के पास उनका स्वागत किया। केंद्रीय राज्यमंत्री को स्मृति चिह्न भी भेंट किया। इस मौके पर हरीश शाक्य, दीपमाला गोयल, रानी सिंह, सुभाष गुप्ता, अनूप सक्सेना आदि मौजूद रहे।
बिल्सी। गांव अंबियापुर स्थित महा मृत्युंजय शिव शक्ति पीठ के प्रधान महंत गिरधारी लाल शर्मा ने मुजरिया क्षेत्र से गुजरे केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की। इस मौके पर डॉ अनिल शर्मा, आलोक, प्रियांशु, मोहित शर्मा, लवकुश शर्मा मौजूद रहे।
-
पॉकेटमार पकड़कर पुलिस को सौंपा
मेन मार्केट में रोड शो के दौरान भीड़ में कार्यकर्ता की जेब साफ कर दी गई। उसी दौरान पॉकेटमार ने दूसरे की जेब साफ करने का प्रयास किया तो उसे दबोच लिया गया। बाद में उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
-
पुलिस को हाईवे पर रोकने पड़े वाहन
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा का काफिला बरेली-मथुरा हाईवे स्थित आंबेडकर चौराहे से दोपहर में करीब दो बजे शुरू हुआ। काफिले में वाहनों की संख्या अधिक देख पुलिसकर्मियों ने बदायूं की ओर से दिल्ली और कासगंज की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को मोड़ से पहले ही रोक दिया। करीब आधा घंटे में वाहनों की संख्या दर्जनों को पार कर गई।
-
केंद्रीय राज्यमंत्री ने किया ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ
बदायूं। प्रधानमंत्री केयर्स फंड से राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है। बृहस्पतिवार को इसका शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने किया। इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य, राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता के आवास पर स्वागत किया गया। इसके बाद में भाजपा कार्यालय पर स्वागत सभा की गई। यहां केंद्रीय राज्यमंत्री वर्मा ने कहा की जन आशीर्वाद यात्रा 16 अगस्त को मथुरा से प्रारंभ हुई थी, इसका आज समापन हो रहा है। इस यात्रा में उमड़े जनसैलाब को देखकर दिखाई देता है कि निश्चित रूप से 2022 के विधानसभा चुनाव में दोबारा प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। संवाद