राजकीय महिला डिग्री कॉलेज। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। राजकीय महिला महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश के लिए जिन अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया, उनमें से बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष गणित वर्ग में प्रवेश के लिए चयनित छात्राओं की सूची कॉलेज प्रशासन ने जारी की है। इसे कॉलेज में नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराने के अलावा कॉलेज की वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है। अब चयनित छात्राओं की काउंसिलिंग शुरू होगी।
राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. स्मिता जैन ने बताया कि इस वर्ष नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार सभी प्रवेश होने हैं। काउंसिलिंग के समय छात्राओं को विशेष रूप से विषयों के चयन का ध्यान रखना होगा। प्रत्येक छात्रा को तीन मेजर व एक माइनर विषय का चयन करना है। तीन मेजर विषयों में से कम से कम दो मेजर विषय इंटर में होना अनिवार्य है। तीसरे मेजर विषय का चयन छात्रा महाविद्यालय में उपलब्ध किसी भी विषय में से कर सकती है। माइनर विषय का चयन अपने संकाय के अतिरिक्त दूसरे संकाय से करना अनिवार्य है।
विषयों के चयन के लिए महाविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्राओं के शैक्षणिक कॅरियर को ध्यान में रखते हुए विषयों के ग्रुप निर्धारित किए गए हैं। जिससे उन्हें आगे चलकर रोजगार के समुचित अवसर प्रदान हो सके।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को बीएससी बायो की मेरिट लिस्ट भी जारी कर दी गई है। इसके अनुसार जनरल कैटगरी में 74 प्रतिशत, ओबीसी में 68.8 और एससी में 52.6 प्रतिशत तक अंक लाने वाली छात्राएं दाखिला ले सकती हैं। उन्हें 21 से 24 अगस्त के बीच में दाखिले की सभी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। संवाद