बदायूं में कादरचौक और बरायमय खेड़ा के बाद शहर के लालपुल इलाके में एक सांप को पीटकर मार डाला गया। बाद में कूड़ा-कचरा डालकर उसे जला दिया गया। वन विभाग की टीम ने मौके से अधजला सांप बरामद किया है। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। सांप का भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
शहर का चूहा कांड रहा सबसे चर्चित
वैसे तो बदायूं जिले में कुत्ता, बंदर, सांड़, गाय, मोर आदि पशु-पक्षियों की हत्या हो चुकी है, लेकिन चूहा कांड जिले का सबसे चर्चित मामला रहा था। नंबवर 2022 में शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पनबड़िया में एक चूहे को नाले में डुबो-डुबोकर मार डाला गया था। इस संबंध में पशुप्रेमी विकेंद्र शर्मा ने आरोपी मनोज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
यह प्रदेश का पहला मामला था, जिसमें चूहे की हत्या में एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद कुत्ते की हत्या, कादरचौक और उझानी कोतवाली क्षेत्र के बरायमय खेड़ा में सांप की हत्या के मामले सामने आए। उनमें भी एफआईआर दर्ज कराई गईं। फैजगंज बेहटा में बंदर की हत्या में एफआईआर दर्ज हुई।