कछला/ उझानी। महाशिवरात्रि पर्व से ऐन पहले सड़कों पर शिवभक्तों का उल्लास देखते ही बना। सोमवार को काफी संख्या में कांवड़ियों ने कछला गंगा घाट से जल भरा और भगवान शिव के अभिषेक के लिए मंदिरों के लिए कूच किया। जगह-जगह मेले और शिवालयों पर विशेष धार्मिक आयोजनों की तैयारी की गई तो शहर समेत आसपास के प्रमुख शिवालयों में भगवान शंकर समेत देव प्रतिमाओं को नए आभूषणों और वस्त्रों से सजाया गया।
मंगलवार को महाशिवरात्रि है। ऐसे में शिवभक्तों का कछला गंगाघाट पर तड़के से पहुंचना शुरू हो गया था जो दिन भर चलता रहा। कछला से गंगाजल लेकर कावड़ियों ने शिवालयों की ओर रुख किया। कांवड़िए नाचते-गाते मंदिरों की ओर चल दिए। मंगलवार की सुबह वह जलाभिषेक करेंगे। इसको लेकर मंदिरों में काफी पहले से तैयारी की जा रही हैं।
शहर के बिरुआबाड़ी मंदिर, हर प्रसाद शिवालय और गौरी शंकर मंदिर की ओर कावड़ियों के पहुंचने का सिलसिला देर शाम को शुरू हो गया है। वहीं शिव भक्तों ने भी पूजा अर्चना के लिए वस्तुएं जुटा ली हैं। उझानी में बड़े महादेव मंदिर, पुरानी अनाज मंडी का शिवालय और बुर्रा अहरवारे के प्राचीन शिव मंदिर में पूजा और जलाभिषेक के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
-
मंदिरों के बाहर तैनात रहेगी पुलिस
महाशिवरात्रि पर भगवान शिव का अभिषेक होगा। ऐसे में मंदिरों में भीड़ ज्यादा हो सकती है। इसको ध्यान में रखते हुए शिवालयों पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगा, ताकि अव्यवस्था न फैले। काफी संख्या में महिला और यातायात पुलिस को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। अधिकारी घूमकर जायजा लेते रहेंगे। संवाद