बदायूं। कलक्ट्रेट में जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी व केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही जिला कोर कमेटी की बैठक हुई। इसमें कहा गया कि जो भी निर्माण कार्य किए जाएं उसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। सीएम डैशबोर्ड में जिले की रैंकिंग प्रदेश में आठवें नंबर पर आने पर अधिकारियों को बधाई दी।
प्रभारी मंत्री व माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि अधिकारी सरकार की मंशा के अनुरूप पूरे मनोयोग से कार्य करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में बदायूं प्रदेश में प्रथम स्थान पर आए, इसके दृष्टिगत अधिकारी कार्य करें। जो भी निर्माण कार्य किए जाएं, उसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि किसी भी जिले की पहचान सड़कों से होती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आप बदायूं टीम के सदस्य है, इसलिए टीमवर्क के साथ कार्य करें। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि विकास के लिए सड़कें, पुल आदि बनाए जाएं, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि गड्ढा मुक्ति में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि अधिकारी प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत बनाए जा रहे हैं स्पीड ब्रेकर में मानकों का अनुपालन किया जाए। डीएम निधि श्रीवास्तव ने कहा कि अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित सड़कों, पुल आदि निर्माण कार्यों का स्वयं सर्वे करें।
15 अक्तूबर तक कार्य योजना शासन को भेज दी जाए। उन्होंने बताया कि सीएम डैशबोर्ड में जिले को आठवीं रैंक प्राप्त हुई है। इस अवसर पर दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, सीडीओ केशव कुमार, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एडीएम एफआर डॉ. वैभव शर्मा आदि मौजूद रहे।
यह दिए प्रस्ताव
बैठक में दातागंज व बदायूं विधानसभा क्षेत्र के दो बाईपास के प्रस्ताव रखे। कछला में अंत्येष्टि स्थल तक चौड़ा व पक्का मार्ग बनाने के लिए कहा। कछला घाट के दोनों ओर ढाई-ढाई सौ मीटर के मार्ग बनाने के लिए कहा। दातागंज विधानसभा क्षेत्र में ओवरब्रिज, बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में चार पुल आदि को लेकर चर्चा की। वहीं अधिकारियाें को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
जनप्रतिधिनियों ने किया माता रानी का दर्शन
नगला मंदिर में बृहस्पतिवार शाम को केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री/ प्रभारी मंत्री गुलाब देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, डीएम निधि श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा ने सामूहिकता से दर्शन व पूजन कर जनपद वासियों के लिए लोकमंगल की कामना की। ॉ