फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ककोड़ा मेला औपचारिक रूप से शुरू, देवी स्वरूप झंडी पहुंची

विज्ञापन
गंगा में दूध चढ़ातीं जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम और अन्य अधिकारी, नेता। संवाद - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
बदायूं। शुक्रवार को ककोड़ा मेले का औपचारिक शुभारंभ हो गया। मेले में ककोड़ा देवी मंदिर से देवी स्वरूप झंडी लाई गई। पहली बार मेले में देवी मां की ज्योति भी लेजाई गई। गंगा घाट पर विधि विधान से पूजा अर्चना और हवन किया कर वहीं झंडी को स्थापित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष व डीएम ने समीक्षा बैठक में कहा कि इस बार मेला भव्य और दिव्य होना चाहिए।
विज्ञापन

जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, डीएम दीपा रंजन व पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव शुक्रवार सुबह करीब साढे़ नौ बजे ककोड़ा गांव में प्राचीन देवी मंदिर पहुंचे। उन्होंने देवी मंदिर पर हवन पूजन किया। महंत परमात्मादास, धर्मगिरि और नन्हेदास ने मंत्रोच्चारण कर मंदिर में पूजा अर्चना कराई। उसके बाद यह लोग देवी स्वरूप झंडी और उनकी ज्योति लेकर ककोड़ा मेले के लिए रवाना हुए। मेले में उनके पहुंचने से पहले सारी तैयारियां हो चुकीं थीं। यहां झंडी पहुंचने के बाद हवन और गंगा का पूजन हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष और डीएम ने झंडी को स्थापित कराया।
गंगा मइया को फल, मिष्ठान और दूध अर्पित किया। पूजा अर्चना के बाद ककोड़ा मेला में लगाए गए जिला पंचायत के टेंट में समीक्षा बैठक हुई। इसमें अध्यक्ष व डीएम ने कहा कि इस बार मेला भव्य और दिव्य होना चाहिए। मेले में कोई कमी न रहे। डीएम ने जोर दिया कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। मेले में सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर, वाहन पार्किंग, स्नानघाट पर सुरक्षात्मक व मजबूत बेरिकेडिंग कर झंडे लगाए जाएं। अस्थायी पशु चिकित्सालय, पेयजल, दूध सप्लाई, प्रकाश, यातायात समेत सभी व्यवस्थाएं 15 नवंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

जिला पंचायत अध्यक्ष ने डीएम को भरोसा दिलाया कि मेले में सारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है। लाइट फिटिंग से लेकर अन्य सब इंतजाम किए गए हैं। वहीं भाजपा नेता जितेंद्र यादव ने कहा कि ककोड़ा ऐतिहासिक मेला है। सभी लोग मेला देखें और गंगा स्नान कर पुण्य कमाएं।
इस दौरान शेखूप़ुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि उनके क्षेत्र में लगने वाले इस मेले में बेहतर व्यवस्थाओं के लिए वह भी काम करेंगे। एडीएम प्रशासन ऋतु पूनिया, सीडीओ ऋषिराज, एसडीएम एसपी वर्मा, डीडीओ चंद्रशेखर, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, सीएमओ विक्रम सिंह पुंडीर, एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, सीओ गजेंद्र सिंह, बीडीओ स्मृति सिंह, उसावां ब्लॉक प्रमुख, कादरचौक ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र पाल और जिला पंचायत एमए सत्यपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
-
सात सेक्टर में बसेगा ककोड़ा मेला
इस बार ककोड़ा मेला सात सेक्टरों में बसाया जाएगा। जिला पंचायत की ओर से हर सेक्टर का एक प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें अपने-अपने सेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पूरे मेले का एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन सेक्टरों में पेयजल, शौचालय और सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सेक्टर प्रभारियों की होगी।
-
मेले में बनेंगी 19 पुलिस चौकियां
ककोड़ा मेला में 19 पुलिस चौकियां व एक कोतवाली बनाई जाएगी। कोतवाली के लिए जगह निश्चित कर ली गई है। शुक्रवार रात से कोतवाली बनाने का काम शुरू हो जाएगा। शनिवार शाम तक कोतवाली तैयार कर दी जाएगी। प्रत्येक पुलिस चौकी पर चार-पांच सिपाहियों और दरोगा को तैनात किया जाएगा। अभी कोतवाली का चार्ज किसी इंस्पेक्टर को नहीं दिया गया है। इस पर पुलिस अधिकारियों ने कुछ इंस्पेक्टरों के नाम चिह्नित किए हैं। शनिवार शाम तक मेला कोतवाल की घोषणा कर दी जाएगी।
-
ककोड़ा मेले में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
समीक्षा बैठक में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव और डीएम दीपा रंजन ने सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में खैराती चौक से लेकर गंगा घाट और भीड़भाड़ इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
-
कुर्मी समाज के लिए एक और घाट तैयार
ककोड़ा मेले में अब कुर्मी समाज के लिए एक और गंगा घाट तैयार करा दिया गया है। एक दिन पहले यहां जलस्तर चेक कराया गया था। तब वह काफी ज्यादा था। इससे घाट बनाने में दिक्कत आ रही थी लेकिन शुक्रवार को समाज के लोगों के लिए घाट तैयार करा दिया गया। इससे उन्हें परेशानी नहीं आएगी।
-
गंगा घाट पर यूनिफार्म में तैनात रहेंगे 30 गोताखोर
गंगा घाट पर जिला पंचायत की ओर से 30 गोताखोर लगाए गए हैं। इन गोताखोरों के नाम और मोबाइल नंबर की सूची गंगा घाट पर चस्पा कराई गई है। इससे जरूरत के अनुसार लोग संपर्क कर बुला सकते हैं। इनकी यूनिफार्म भी अलग करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे पता चलता रहे कि गोताखोर कौन है। सभी गोताखोरों के आईकार्ड भी जारी करने को कहा गया है।
-
तैयार कराया जा रहा है दस बेड का अस्पताल
ककोड़ा मेले में दस बेड का अस्पताल तैयार कराया जा रहा है। यहां 14 डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें तीन महिला डॉक्टर होंगी। मेले में प्रसव केंद्र की भी व्यवस्था की गई है। दवा और प्राथमिक उपचार के सभी साधन मुहैया कराए गए हैं। इसके अलावा आठ एंबुलेंस भी लगाई गईं हैं।
-
300 सफाई कर्मचारी तैनात
ककोड़ा मेले में सफाई व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के लिए 300 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इनमें 172 सफाई कर्मचारी ग्राम पंचायतों से लगाए गए हैं। जबकि अन्य सफाई कर्मचारी नगर पालिका और नगर पंचायतों से लगाए गए हैं। 11 मोबाइल शौचालयों को भी लगाया गया है। 13 पानी की टंकी जगह-जगह लगाई गई हैं। इसके अलावा मच्छरों से निपटने के लिए 11 फॉगिंग मशीन लगाई गई हैं। पेयजल के लिए 400 नल लगाए जाएंगे।
-
18 से 20 तक चलेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
ककोड़ा मेले में हर साल जिला पंचायत की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराए जाते हैं। इस बार 18 नंवबर से मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो जाएगा। मुख्य स्नान के दिन यानी 19 नंवबर को कवि सम्मेलन होगा। इसमें दूरदराज से आने वाले कवि भाग लेंगे। डीएम ने मेले में खेल मैदान बनाने के भी निर्देश दिए हैं। इसके लिए नेहरू युवा केंद्र और खेल विभाग को निर्देश दिए गए हैं।
-
नौशेरा से गंगपुर तक झाड़ियां साफ कराने के निर्देश
डीएम दीपा रंजन ने जिला पंचायत के अधिकारियों से कहा है कि ककोड़ा मेले आने जाने के दौरान नौशेरा से लेकर गंगपुर तक सड़क किनारे की झाड़ियां श्रद्धालुओं की परेशानी बनेंगी। इन्हें तत्काल प्रभाव से साफ कराया जाए। सड़क किनारे के गड्ढे भरवाए जाएं। जिससे श्रद्धालु सुरक्षित यात्रा कर सकें।
-
ककोड़ा मेले को लगाई गईं 50 से अधिक बसें
ककोड़ा मेले आने-जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से रोडवेज की 50 बसें लगाई गईं हैं। मेले की शुरुआत में ही एक रोडवेज बस स्टैंड तैयार कराया गया है। हालांकि अभी ककोड़ा मेला जाने के लिए किराया तय नहीं हुआ है। इस पर मंथन चल रहा है। दूरी और डीजल के मूल्य देखकर ही ककोड़ा मेला का किराया तय किया जाएगा।
-
मेले का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। जल्दी ही यहां अन्य व्यवस्थाएं कर ली जाएंगी। 19 नवंबर को मुख्य स्नान से पहले मेला पूरी तरह लग जाएगा। श्रद्धालुओं को कोई समस्या न आए, इसके लिए जिला पंचायत वचनबद्ध है।
विज्ञापन

- वर्षा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें