गणित-विज्ञान में रिक्त पदों के सापेक्ष छठी काउंसिलिंग बुधवार को
शुरू करा दी गई। लेकिन हर बार की तरह इसमें भी अभ्यर्थियों ने कोई खास
रुचि नहीं ली। आरक्षित वर्ग में महज दो अभ्यर्थी पूरे दिन में काउंसिलिंग
कराने पहुंचे। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी पूरे दिन अभ्यर्थियों के
इंतजार में बैठे रहे।
गौरतलब है कि गणित-विज्ञान में 498 पदों पर काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू
कराई गई थी। पहले हो चुकी पांच काउंसिलिंग होने के बावजूद करीब पचास पद
गणित और चार पद विज्ञान में खाली रह गए थे। हालांकि इसमें सामान्य केटेगरी
के सभी पद भर चुके थे।
कई माह गुजरने के बाद इन रिक्त पदों के सापेक्ष
शासन ने पुन: छठी काउंसिलिंग कराने का आदेश पारित कर दिया। इसी के तहत
बुधवार को इसकी प्रक्रिया शुरू कराई गई, लेकिन इसमें भी कोई खास उपलब्धि
हासिल नहीं हुई। पहले दिन काउंसिलिंग में महज दो अभ्यर्थी ही काउंसिलिंग
कराने पहुंचे। बीएसए कृपा शंकर वर्मा ने बताया कि पूरे दिन में गणित एससी
केटेगरी में केवल दो अभ्यर्थी काउंसिलिंग कराने पहुंचे।
गुरुवार को भी
काउंसिलिंग कराई जाएगी। सामान्य छोड़कर अन्य केटेगरी में अभ्यर्थियों को
बुलाया गया है। बीएसए श्री वर्मा ने बताया कि काउंसिलिंग कराने के बाद
इसकी जानकारी शासन को भेज दी जाएगी। इसके बाद जो आदेश मिलेंगे, उसके
अनुसार कार्य किया जाएगा।