बैंक में चालान जमा करने के बाद अब स्टूडेंट्स को प्राइवेट आवेदन जमा करने के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी आवेदन भरने के लिए कॉलेज पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ होने के कारण लंबी लाइन और कैंपस से लेकर सड़कों तक वाहनों का जमघट भी लगा हुआ है। मंगलवार को भी यही स्थिति रही। शहर के दास पीजी कॉलेज और गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में छात्र-छात्राएं आवेदन जमा करने के लिए उमड़ रहे हैं। भीड़ होने के कारण धक्कामुक्की और कहासुनी भी हो रही है। हालांकि कॉलेज प्रशासन पूरी मुस्तैदी से लगा हुआ है।
गौरतलब है कि रूहेलखंड विश्वविद्यालय ने एक दिसंबर से रेग्यूलर और 23 दिसंबर से प्राइवेट परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरवाए थे। जिनकी फीस चालान के माध्यम से बैंक में जमा कराई गई थी। आवेदन भरने तक तो स्थिति ठीक रही है लेकिन जैसे ही चालान जमा करने की बारी आई। स्थिति बेकाबू हो गई। शहर की तीन बैंकों के बाहर लंबी लाइन और भीड़ नजर आने लगी। विद्यार्थियों ने घंटों लाइन में लगकर फीस जमा कराई। इसके बाद अब उन्हें संबंधित कॉलेज में फार्म की हार्डकॉपी जमा करने के लिए खासा मशक्कत करनी पड़ रही है।
मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी आवेदन जमा करने पहुंचे। सबसे ज्यादा खराब स्थिति दास कॉलेज की रही। अलग-अलग काउंटर से कार्ड और रसीद कटवाने के लिए आवेदक दौड़ लगाते नजर आए। प्राचार्य डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय ने प्राइवेट के फार्म ऑनलाइन भरवाए हैं। सभी प्रक्रिया के बाद उसकी एक कॉपी कॉलेज में जमा करनी है। लिहाजा उसी की भीड़ एकत्र हो रही है। बताया कि दो खिड़कियों से बीए और एक खिड़की से एमए की रसीद कटवाई जा रही है। एक खिड़की से कार्ड खरीदने की व्यवस्था है। जबकि तीन जगह आवेदन जमा कराए जा रहे हैं। ताकि विद्यार्थियों को परेशानी न उठानी पड़े।
धक्कामुक्की हुई तो होने लगा हंगामा
भीड़ मेें हंगामा की स्थिति भी देखी गई। भारी भीड़ के बीच विद्यार्थी आपस में भिड़ गए और हंगामा काटना शुरू कर दिया। इससे पहले की मामला बिगड़ता चीफ प्रॉक्टर संतोष सिंह अपनी पूरी टीम के साथ पहुंच गए और उन विद्यार्थियों को बाहर निकाल दिया। हालांकि बाद में उनका भी आवेदन जमा कर दिया गया। इससे सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रही।