जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी रोगियों की लाइन। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। होली और फिर रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुली तो यहां मरीजों की काफी भीड़ रही। ओपीडी में डॉक्टरों की संख्या कम होने के कारण मरीजों को घंटों परेशान होना पड़ा। ओपीडी में आने वाले मरीजों में ज्यादा संख्या पेट, बुखार, सर्दी-जुकाम संबंधी पीड़ितों की रही।
जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की काफी समय से कमी है। यहां सर्जन और फिजीशियन है ही नहीं, ऐसे में रोगियों को कई बार मेडिकल कॉलेज की दौड़ लगानी पड़ती है। जिला अस्पताल शहर में ही है। इस कारण यहां ओपीडी में ज्यादा रोगी पहुंचते हैं। इन दिनों मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। इस कारण बीमारियां भी बढ़ रही हैं। मौसम बदलने के कारण वायरल फीवर और सर्दी-जुकाम आम हो गया है। होली पर अनाप-शनाप खान-पान से पेट संबंधी रोगी भी बढ़े हैं।
सोमवार को जब ओपीडी खुली तो सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा रोगी पहुंचे। सामान्य दिनों में औसतन सात से आठ सौ मरीज ओपीडी पहुंचते हैं, लेकिन सोमवार को करीब 13 सौ मरीज ओपीडी पहुंचे। सीएमएस डॉ. विजय बहादुर राम ने बताया कि उन्होंने खुद भी कई मरीजों को देखा। डॉक्टरों की कमी है, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के लिए समय-समय पर शासन को लिखा जा रहा है। संवाद