बदायूं। मंगलवार को हरिद्वार से 91 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया। इसकी वजह से गंगा किनारे रहने वाले लोगों की धड़कने बढ़ने लगीं। हालात पर बाढ़ खंड के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने अपडेट लेना शुरू कर दिया है।
गंगा और रामगंगा के जलस्तर में पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही हैं। इसकी वजह से गंगा व रामगंगा ने अपने आकार में परिवर्तन करना शुरू कर दिया है। आने वाले कुछ घंटों में गंगा के जलस्तर में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, क्योंकि इस सीजन में हरिद्वार से मंगलवार को अब तक का रिकॉर्ड पानी छोड़ा गया है।
बाढ़ खंड विभाग के अनुसार मंगलवार को हरिद्वार से 91934 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जबकि नरौरा से 43788 क्यूसेक और बिजनौर से 42918 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। मंगलवार को कछला का मीटर गेज 161.92 रिकॉर्ड किया गया। अभी कछला में पानी खतरे के निशान से 3.28 मीटर पानी नीचे बह रहा है। हालांकि गंगा और रामगंगा के किनारे रहने वाले लोगों की धड़कनें लगातार बढ़ी हुई चल रही है, वहीं अधिकारियों ने भी इस ओर ध्यान देना शुरू कर दिया है। संवाद