उझानी के पटपरागंज गांव में आग लगने के बाद नुकसान की जानकारी देते परिवार के लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। पटपरागंज गांव में मंगलवार तड़के दो झोंपड़ियों में आग लग गई। इस दौरान आग बुझाने की कोशिश में गृहस्वामी का बेटा झुलस गया।
हादसा तड़के चार बजे हुआ। पटपरागंज निवासी प्रेमपाल का घर बाहरी छोर पर है। घर के आंगन में पड़ी झोपड़ी में अचानक ही आग की लपटें उठने लगीं। धुआं आसपास के घरों में भी पहुंचा तो लोग जाग गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद गृहस्वामी प्रेमपाल समेत आसपास के लोगों ने सबसे पहले झोंपड़ी के बाहर खूंटों से बंधे पशुओं की रस्सी काटकर बाहर खदेड़ा। उसी दौरान गृहस्वामी का बेटा सर्वेश (35) आग की चपेट में आने से मामूली रूप से झुलस गया।
ग्रामीणों ने खुद ही मशक्कत कर आग पर काबू तो पा लिया लेकिन पड़ोस में दूसरी झोंपड़ी भी आग की चपेट में आ गई। झोपड़ी में अनाज, घरेलू सामान और रोजमर्रा इस्तेमाल का काफी सामान और बक्से में 20 हजार रुपये रखे थे जो आग से राख हो गए। गृहस्वामी ने बताया कि आग से नकदी समेत करीब एक लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। सुबह राजस्वकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। राजस्वकर्मियों ने मुआयना करने के बाद रिपोर्ट तहसील के लिए भेज दी है। संवाद