बदायूं की शेखूपुर चीनी मिल में मंगलवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर 50 वर्षीय चालक रवेंद्र उर्फ पप्पू की मौत हो गई। वह रात ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर तोल कराने चीनी मिल गया था और उसके नीचे पतेल बिछाकर सो गया। देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे बढ़ाने के दौरान चालक उसकी चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोग उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बसंतनगर निवासी रवेंद्र उर्फ पप्पू ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे। परिवार वालों के मुताबिक रवेंद्र मंगलवार रात कुरऊ गांव के संजय के ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर शेखूपुर चीनी मिल ले गए थे। उन्होंने चीनी मिल में ट्रैक्टर-ट्रॉली को ढाल पर खड़ा कर दिया था और उसके नीचे पतेल बिछाकर सो गए।
रात करीब 11 बजे उसके नजदीक से दूसरा ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरा कि धक्का लगने से उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे बढ़ गया और ट्रॉली के नीचे दबने रवेंद्र घायल हो गए। हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में खलबली मच गई। शोर शराबा सुनकर तमाम लोग आ गए। वह तुरंत चालक रवेंद्र को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
रात में चालक का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया था। सुबह इसकी सूचना पर चालक के परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए और सुबह ही सिविल लाइंस पुलिस को हादसे की जानकारी हुई। उसके बाद चालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिवार वालों ने बताया कि रवेंद्र तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक बेटी है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। उनका नरेंद्र भाई बंगलुरू और दूसरा भाई राजेश दिल्ली में मजदूरी करता है। पुलिस ने चालक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। चालक के चचेरे भाई राजेंद्र ने पुलिस को हादसे के संबंध में तहरीर दी है।