बदायूं। नगर पालिका की ओर से बुधवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर स्थायी और अस्थायी रूप से बनाए गए निर्माण को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त किया गया तो वहीं एसके इंटर कॉलेज के सामने बनी दुकानों को भी ढहा दिया गया। दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई। कहा गया कि अगर दोबारा अतिक्रमण किया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार के निर्देशन में पालिका की टीम ने शहर के दिनेश चौक से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की। पालिका की टीम ने एसके इंटर कॉलेज के सामने पालिका के पार्किंग स्थल की जगह पर अवैध रूप से बनी दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। इसके बाद में पालिका की टीम इंदिरा चौक, पुलिस लाइन होते हुए कचहरी पहुंची। यहां पर तिराहे के कोने पर बने एक होटल की दीवार को तोड़ दिया। इसके बाद में टीम कलक्ट्रेट से डीएम रोड की ओर बढ़ गई। वहीं नेकपुर में अवैध रूप से हो रहे निर्माण को पालिका की टीम ने ध्वस्त कर दिया। हालांकि वहां पर कुछ लोगों ने खुद ही अवैध निर्माण तोड़ने के लिए मोहलत मांगी थी जिसके बाद में टीम ने मोहलत दी है।
लोनिवि के अधिकारी भी रहे साथ में
बदायूं। नगर पालिका की ओर से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी से लेकर कर्मचारी भी वहां पर मौजूद थे, क्योंकि लोक निर्माण विभाग की टीम पहले सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए कह चुकी थी, लेकिन किसी ने सड़क से अतिक्रमण नहीं हटाया था। बुधवार को हुई कार्रवाई के बाद में लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है।
होटल स्वामी ने लगाया पक्षपात का आरोप
बदायूं। नगर पालिका की ओर से कचहरी तिराहे पर जब अभियान चलाया गया। उस दौरान एक होटल की दीवार तोड़ दी गई। होटल मालिक संजीव कश्यप का कहना है कि उनकी दुकान का नक्शा पास है, फिर भी इस तरह की कार्रवाई की गई, जबकि अधिकांश के नक्शे पास नहीं है, उनको छोड़ दिया गया है।