बदायूं। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा व आर्य समाज बदायूं के संयुक्त तत्वावधान में होली पर विशेष यज्ञ का आयोजन आर्य समाज के उप मंत्री के आवास पर हुआ। इसमें यज्ञ के महत्व को परिभाषित कर वैदिक यज्ञ, वेद कथा को घर- घर पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान अनेकपाल सिंह ने कहा कि यज्ञ एक ज्ञान के समान है, यज्ञ सबको कल्याणकारी होने की प्रेरणा देता है। वैदिक धर्म संस्कृति में ईश्वर की आज्ञा का पालन व परोपकार के पर्याय यज्ञो व अग्निहोत्र करने का विशेष महत्व है।
जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के मंत्री व आर्य समाज बदायूं के प्रधान नन्हे लाल कश्यप ने कहा कि वेदों को पढ़ने से मानव मात्र का कल्याण संभव है। वेद कथा को जीवन में उतारना होगा, इसी से ही राष्ट्र का गौरव बढ़ाया जा सकता है। हमें मानव धर्म व वैदिक धर्म का पालन करना होगा। इस मौके पर उप प्रधान तिलक सिंह, प्रेम बाबू, डॉ. विकास सक्सेना, धर्मेंद्र आर्य, विशाल वेैश्य, सुनील कुमार, निखिल गुप्ता, हिमांशु राठौर, पुनीत कश्यप मौजूद रहे। संवाद