रेलवे स्टेशन पर सफाई करते स्वयं सेवक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वच्छता एक्शन प्लान के सातवें दिन रेलवे स्टेशन को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त कर स्वच्छ बनाया।
एनएसएस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने रेलवे स्टेशन परिसर में फैली हुई गंदगी को झाड़ू लगाकर साफ किया। साथ ही प्लास्टिक के कचरे को चुन-चुनकर उठाया। कूड़े का निस्तारण करने के बाद यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। यात्रियों को जागरूक करते हुए टीम लीडर वैष्णवी गुप्ता ने कहा कि भारत की जीवन रेखा रेलवे है, जो सभी को आपस में जोड़ती है। इसे स्वच्छ रखना स्वच्छ भारत निर्माण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य होगा।
रिंकू कश्यप ने कहा कि यात्रा के कारण स्वास्थ्य को खतरा अधिक रहता है। इसका कारण यात्रियों के द्वारा की जाने वाली गंदगी होती है। इस मौके पर साक्षी गुप्ता, हेमलता, शिवांगी सक्सेना, दीपमाला मिश्रा, आदित्य यादव, सोनू यादव, गोविंद वर्मा, कुणाल शर्मा मौजूद रहे। संवाद