कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) योजना के तहत काम करने वाले ब्लाक टेक्नोलॉजी मैनेजर (बीटीएम) और असिस्टेंट टेक्नोलॉजी मैनेजर (एटीएम) को मार्च-14 से मानदेय नहीं मिला है। लगातार अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद परेशान बीटीएम और एटीएम को कोई राहत नहीं है।
आत्मा योजना से जुड़े इन कर्मचारियों को अबतक बजट न आने की बात कहकर विभागीय अधिकारियों ने टहलाए रखा। लंबे समय बाद भी मानदेय न मिल पाने के कारण दहगवां पर कार्यरत बीटीएम योगेंद्र कुमार ने खुदकुशी भी कर ली थी। इस पर बीटीएम अनुराग दुबे ने कहा है कि बीटीएम और एटीएम आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगेंद्र कुमार ने आर्थिक तंगी में ही खुदकुशी की थी। इसके बावजूद आत्मा योजना संचालक कृषि विभाग और प्रशासन उनकी ओर नहीं देख रहा है। सभी बीटीएम और एटीएम बेरोजगार हो गए हैं। उनके भरण-पोषण का कोई साधन नहीं है। इस संबंध में डीएम और डीडी कृषि से मिले बीटीएम और एटीएम ने कहा है कि सात दिनों में अगर उनको मानदेय के संबंध में कोई सार्थल पहल दिखाई नहीं दी तो आंदोलन करेंगे।
अपने मानदेय के संबंध में अधिकारियों को लिखे पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में बीटएम मुनीश यादव, अनुराग दुबे, दर्शनलाल गंगवार, महीपाल गंगवार, अजयपाल, एटीएम नरेश गंगवार, पुरषोत्तम पटेल, दिगंबर और अब्दुल खालिक शामिल हैं।