बाइक सवार तीन बदमाशों ने दंपति से बाइक, नकदी और जेवर लूट लिए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ बिसौली राजवीर सिंह ने मौका मुआयना कर बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। देर रात तक इस्लमानगर और फैजगंज बेहटा पुलिस मामले को सीमा विवाद में उलझाए रही।
इस्लामनगर थाने के गांव बेहटा पाठक के किशनपाल अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ फैजगंज बेहटा के गांव भटपुरा स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। रास्ते में एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने इनको रोक लिया। असलहों के बल पर बदमाशों ने किशनपाल से बाइक, मोबाइल, पांच हजार रुपये नगदी, सोने के कुंडल, दो अंगूठी और मंगल सूत्र लूट लिया। रिपोर्ट दर्ज कराने किशनपाल थाने पहुंचा। यहां फैजगंज बेहटा पुलिस ने घटना इस्लामनगर क्षेत्र में होने की बात कहकर इनको टरका दिया। इस्लामनगर थाने पहुंचे तो वहां की पुलिस ने घटना स्थल फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र होना बताया।