डीजे पर मनमाना गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद
थाने में झगड़ा करने वाले तीन सिपाही लाइन हाजिर
पुलिस की होली के दौरान उघैती थाने में मुंशी और सिपाहियों के बीच मारपीट हो गई। विवाद की वजह डीजे पर मनमाना गाना बजाने की मांग रही। एसओ नरेश पाल कश्यप के सामने ही सिपाही और मुंशी आपस में भिड़े तो थाने में अफरातफरी मच गई। बाद में किसी तरह से मामला निपटा।
शुक्रवार को उघैती थाने में पुलिस कर्मी होली मना रहे थे। हालांकि आम जनता के लिए डीजे पर पाबंदी है लेकिन थाने पर डीजे सिस्टम लगाया गया था और पुलिस कर्मी मस्त होकर डांस कर रहे थे। इसी दौरान थाने के मुंशी सगीर अहमद अपने मन का गाना बजाने की मांग करने लगे। सिपाही सत्यवीर, प्रशांत और शनि ने उनके मन का गाना बाद में बजाने की बात कही। इसी बात पर दोनों में तकरार शुरू हो गई जो मारपीट में बदल गई। यह सब एसओ के सामने होता रहा। अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह दोनों पक्षों में बीच बचाव कराया। एसओ नरेशपाल कश्यप ने बताया कि झगड़ा करने वाले सिपाही शनि, प्रशांत और सत्यवीर को लाइन हाजिर किया गया है। अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।