भैंसोरा की प्रधान रामबेटी यादव के पति शिशुभान की हत्या और उनके बेटे को घायल कर देने के मामले में कोर्ट में सरेंडर कर चुके पप्पू को पुलिस ने गुरुवार सुबह रिमांड पर लिया। नामजदों में शामिल रोहताश भी बुधवार को कोर्ट में हाजिर हो चुका है। पुलिस ने पप्पू की निशानदेही पर आला कत्ल बरामद कर लिया। उससे पूछताछ भी की गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भैंसोरा निवासी शिशुभान और उसके बेटे केशपाल को हमलावरों ने नौ दिसंबर को गांव में सरेराह घेर लिया था। हमलावरों ने शिशुभान को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया था। हमले में घायल केशपाल को हमलावर मरा समझ कर छोड़ गए थे। घटना में छह लोगों को नामजद कराया गया था। नामजदों में पप्पू अगले दिन ही कोर्ट में हाजिर हो गया था। पप्पू ने सरेंडर रेप के एक मामले में पुलिस को चकमा देकर किया था।
पुलिस ने गुरूवार सुबह पप्पू को रिमांड पर ले लिया। रिमांड की अवधि हालांकि अगले दिन तक है लेकिन पूछताछ के दौरान उसने आला कत्ल की बारे में जानकारी दे दी। उसकी निशानदेही पर तमंचा और वह डंडा भी बरामद कर लिया जिससे प्रधान पति की हत्या की गई थी। उधर, नामजदों में शामिल पप्पू का भाई रोहताश एक दिन पहले ही कोर्ट में सरेंडर कर चुका है। कोतवाल रामसूरत यादव ने बताया कि रोहताश के रिमांड के बारे में जानकारी मिल चुकी है। उसे भी रिमांड पर लेने की कोशिश की जाएगी।