कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने तीन परिवारों की दिवाली फीकी कर दी। चोर जेवरात और नकदी समेत लाखों का माल समेट ले गए। संदूक और सूटकेस खंगाल कर गांव के बाहर फेंक दिए। तड़के जाग होने पर गृहस्वामियों को घटना की भनक लगी तो चोरों की तलाश में उन्होंने पूरा इलाका खोज लिया लेकिन सफलता नहीं मिली।
चोरी की घटनाएं शनिवार रात की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव गठौना निवासी वायुसैनिक जेपी सिंह के पिता जगदीश सिंह समेत परिवार के सदस्य गांव पैतृक घर पर रहते हैं। परिवार के सभी सदस्य रात में दरबाजे पर ताला डालकर अंदर सो गए। सुबह में जागे तो कमरों में सामान बिखरा मिला। जगदीश के दूसरे बेटे नितेष बक्सा गायब देख गांव के बाहर जाकर खोजबीन की। बक्सा तो पड़ा मिल गया लेकिन वह खाली था। नितेष ने बताया कि चोर सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 90 हजार रुपया कीमत का माल निकाल ले गए। चोरी गए सामान में गृहस्वामी की विवाहित बेटी प्रीति के जेवरात भी शामिल हैं।
इलाके के ही गांव बुटला दौलत गांव में चोरों ने ढाकन लाल शर्मा और नेमसिंह मौर्य के घरों को भी निशाना बनाया। नेमसिंह के घर में हालांकि ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है लेकिन ढाकन लाल के घर से चोर संदूक और सूटकेस ही उठा ले गए। संदूक और सूटकेस में चांदी की रेशम पट्टी, सोने की चेन, दो जोड़ी कुंडल, तीन अंगूठी और 10 हजार पांच सौ रुपया नकद थे। ढाकन का सूटकेस और संदूक भी चोरों ने खंगाल कर गांव के बाहर फेंक दिया। चोरी के शिकार ग्रामीणों में जगदीश सिंह और ढाकन लाल ने कोतवाली आकर पुलिस को अवगत कराया है। पुलिस ने मौके पर जाकर तहकीकात भी की लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।