कमिश्नर, डीआईजी ने की कानून व्यवस्था की समीक्षा
डीआईजी ने कहा-मामूली मामलों को भी गंभीरता से लें
विधानसभा चुनाव के लिए 11 मार्च को होने वाली मतगणना और इसके बाद होली के मद्देनजर कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के मकसद से मंडलायुक्त प्रमांशु कुमार और डीआईजी आशुतोष कुमार ने शुक्रवार को बदायूं पहुंच कर अधिकारियों की बैठक ली। कमिश्नर ने पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि मतगणना के दौरान बेहद सतर्कता से काम करना होगा है। डीआईजी ने सभी पुलिस अधिकारियों से कहा कि इस दौरान छोटे से छोटे मामलों को भी पूरी गंभीरता से लें।
जिले की छह विधानसभा सीटों पर 11 मार्च को मतगणना होनी है। इसके बाद होली का त्योहार है। जिले में कई इलाके संवेदनशील श्रेणी में हैं। 2012 के विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद भी मतगणना स्थल पर जमकर आगजनी, बवाल और फायरिंग हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी। ऐसे में पुलिस-प्रशासन इस बार बेहद सतर्कता से काम ले रहा है। कमिश्नर और डीआईजी ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में मतगणना और होली के दौरान पैनी नजर रखें। कहीं पर पर चूक नहीं होने पाए।
उन्होंने डीएम पवन कुमार और एसएसपी महेंद्र यादव से सुरक्षा बंदोबस्त के बारे में जानकारी ली। बैठक में एसपी सिटी अनिल यादव, एसपी देहात संजय राय, सीओ सिटी अभियान यादव, सीओ सहसवान श्योराज सिंह, सीओ बिल्सी एके पांडेय, सीओ दातागंज केके सरोज, सीओ बिसौली प्रकाश कुमार मौजूद रहे।
एसपी सिटी ने उसावां थाने का मुआयना किया
उसावां। एसपी सिटी अनिल यादव ने शुक्रवार को उसावां थाने का अर्द्धवार्षिक मुआयना किया। सबसे पहले उन्होंने थाने के मालखाने में शस्त्रों का रख-रखाव देखा। इसके बाद रिकार्ड के रख-रखाव के बारे में जानकारी ली।
एसपी सिटी ने थाना पुलिस को लंबित विवेचनाओं का जल्द निपटारा करने का आदेश दिया। उन्होंने थाना क्षेत्र में लापता चल रहे हिस्ट्रीशीटरों को भी जल्द ट्रेस करने का आदेश दिया। थाने के आवासीय भवन में पानी की व्यवस्था न होने पर एसपी सिटी ने यहां समर्सिबल लगाने की बात कही। एसओ को निर्देश दिए कि होली के मद्देनजर सतर्कता से काम लें। खुराफातियों पर नजर रखें। जिन अपराधिक मामलों में गिरफ्तारियां होनी बाकी हैं उनमें गिरफ्तारियां करें। रिकार्ड के रख-रखाव की उन्होंने प्रशंसा की।