एम-एफ हाईवे पर कंचनपुर गांव के पास हुआ हादसा
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर टाटा सफारी की टक्कर से छह साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्चा यहां अपनी ननिहाल में आया हुआ था। शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद निवासी रामू की ससुराल अलापुर थाने के गांव कंचनपुर में है। उनका छह साल का बेटा राघव यहां अपनी ननिहाल में आया हुआ था। बुधवार दोपहर राघव गांव के बाहर यात्री शेड के पास खेल रहा था। इसी दौरान अलापुर की ओर से आ रही टाटा सफारी ने राघव को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद टाटा सफारी का चालक गाड़ी को भगा कर ले गया। हादसे की खबर गांव के लोगों ने पुलिस को दी। इस पर अलापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बच्चे के शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में बच्चे के मामा भूरे की तहरीर पर अज्ञात टाटा सफारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बच्चे के परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।
टिटौली में बालिका को मैजिक ने रौंदा
उघैती। थाना क्षेत्र के गांव टिटौली में बुधवार शाम मैजिक की टक्कर से नौ साल की बच्ची की मौत हो गई। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मैजिक वाहन पुलिस के कब्जे में है।
उघैती थाने के गांव टिटौली निवासी सुनील की नौ वर्षीय बेटी शालिनी बुधवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान बिल्सी रोड की ओर से आ रहे एक मैजिक ने उसे टक्कर मार दी। शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मैजिक वाहन का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। गांव के लोगों ने हादसे के बारे में सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मैजिक को कब्जे में ले लिया। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। सुनील की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी गई है। बच्ची की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हादसे में घायल ग्रामीण ने दम तोड़ा
मूसाझाग। थाना क्षेत्र के गांव फरीदापुर निवासी 40 वर्षीय प्रेमपाल को करीब दो महीने पहले अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में वह गंभीर घायल हो गया था। प्रेमपाल का इलाज चल रहा था। बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। रिपोर्ट दर्ज कराने को परिवार वालों ने थाने में तहरीर दी है।