किशोर का शव गांव के पास ही एक खंडहर में फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला। उसके परिवार वालों ने हत्या करके शव फांसी के फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी आरएस धामा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर किशोर के परिवार वालों से बात की। किशोर दो दिन से लापता था। मृतक के भाई ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है।
सिविल लाइंस थाने के गांव कुलचौरा निवासी बालकराम का 16 वर्षीय पुत्र रामखिलाड़ी बुधवार को लापता हो गया था। परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। नाते-रिश्तेदारियों में भी उसको तलाशा गया, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। गुरुवार शाम छह बजे बालकराम के घर के पास ही पड़े एक खंडहरनुमा घर की कोठरी में फांसी के फंदे पर झूलता मिला।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सीओ सिटी आरएस धामा और एसओ सिविल लाइंस अजय यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि उसकी अगवा करने के बाद हत्या की गई है। उसके भाई लालबहादुर की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही दो लोग उसे ले गए थे। सीओ सिटी आरएस धामा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।