छीनाझपटी के दौरान नगदी छोड़ कर भागे बाइक सवार बदमाश
दिनदहाड़े बैंक से बाहर निकलते ही बदमाशों ने किया व्यापारी का पीछा
पंजाब नेशनल बैंक से नगदी निकाल कर अपने कोल्ड स्टोरेज को निकले व्यापारी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की कोशिश की। छीनाझपटी के दौरान बदमाश कैश छोड़कर भाग गए, लेकिन इसे लेकर स्टेशन रोड पर अफरातफरी मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज मालिक से बदमाशों के बारे में जानकारी हासिल की। पुलिस ने बैंक जाकर सीसीटीवी के फुटेज देखकर संदिग्धों से पूछताछ भी की।
मामला मंगलवार दोपहर का है। पंजाबी कॉलोनी निवासी मोहनलाल गर्ग का स्टेशन रोड पर कोल्ड स्टोरेज है। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक से 10 के नोटों की 10 नई गड्डियां लीं। रुपयों को रुमाल में बांधकर उन्होंने स्कूटी की डिग्गी में रख लिया। बैंक से निकलकर ही बाइक सवार तीन बदमाश उनके पीछे लग गए। कोल्ड पहुंचकर जैसे ही उन्होंने स्कूटी रोकी, पीछे से एक बदमाश ने मोहनलाल से रुमाल में बंधे रुपये छीनने की कोशिश की लेकिन उन्होंने होश से काम लिया। छीनाझपटी में रुपये जमीन पर गिरते ही उन्होंने शोर मचा दिया। लोगों को आता देख बदमाश बाइक से भाग गए।
लूट का शिकार होने से बचे कोल्ड स्टोरेज मालिक ने बताया कि बदमाशों को लगा था कि उन्होंने रुमाल में नोटों की जो गड्डियां बांधी हैं, वे एक हजार रुपये के नोटों की हैं। उन्होंने बैंक से रेकी होने की आशंका भी व्यक्त की। सूचना के बाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे दरोगा एके सिंह ने पहले कोल्ड स्टोरेज मालिक से बात की फिर बैंक में सीसीटीवी के फुटेज देखे। मैनेजर देवराज से भी जानकारी की। पुलिस ने बैंक के अंदर कई ग्राहकों से पूछताछ भी की। इसे लेकर स्टेशन रोड पर अफरातफरी का माहौल रहा।
-----
फुटेज में धुंधली दिखी संदिग्ध की तस्वीर
उझानी। दरोगा एके सिंह जब बैंक पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले गेट बंद करवा दिया। तलाशी के बाद उन्होंने मैनेजर से बात कर सीसीटीवी के फुटेज देखे। मोहनलाल ने बदमाशों का जो हुलिया बताया, उसकी कद काठी का एक युवक नजर आया। फुटेज में उसकी तस्वीर धुंधली थी। चेहरा भी ठीक से पहचान में नहीं आया। तलाशी के दौरान पुलिस को बैंक में एक ग्राहक ऐसा भी मिला जिसे बाउचर में 15 हजार रुपये भरे थे लेकिन जेब में पांच हजार रुयपे से अधिक रकम नहीं निकली।