तेज रफ्तार कार की टक्कर से देर रात बाइक सवार पप्पू नाम के युवक की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद कार चालक मय कार के मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्यानपुर निवासी पप्पू (40), गांव के ही रामगोपाल (38) और अखिलेश (32) के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में दातागंज-बरेली रोड पर उसकी बाइक को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पप्पू की मौके पर मौत हो गई और रामगोपाल, अखिलेश गंभीर घायल हो गए। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों में रामगोपाल की हालत गंभीर बनी हुई है।
बेहोशी की हालत में मिली युवती
अलापुर। कस्बे में रामलीला ग्राउंड के पास एक युवती बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। पुलिस ने उसे अस्पताल भेज दिया है। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के लोगों की मानें तो वह यहां कई दिनों से देखी जा रही थी। युवती लाल रंग का सलवार-सूट पहने हुए हैं। बेहोशी में होने की वजह से वह कुछ बता नहीं पा रही है।