कछला में पिछले कई दिनों से सक्रिय चोरों ने रविवार रात सराफा दुकान और निजी क्लीनिक को निशाना बनाया। सराफ की दुकान में चोर नकब लगाकर घुसे और चांदी के जेवरात और नकदी समेट कर ले गए। बाद में पड़ोस के निजी क्लीनिक को भी नहीं बख्शा। यहां से भी काफी माल ले गए। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
घटना रविवार रात में करीब एक बजे की बाद की बताई गई है। सराफ किताब सिंह की दुकान सहसवान रोड बाजार में है। शाम को दुकान बंद करके सराफ घर निकल गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। जेवरात की अलमारी भी खुली मिली। सराफ ने बताया कि चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में नकब लगाई। चोर करीब आठ सौ ग्राम चांदी और सोने के कुछ जेवरात, गुल्लक से नकदी निकाल ले गए। इसके बाद चोरों ने डॉ. वेदप्रकाश के निजी क्लीनिक को निशाना बनाया और यहां गुल्लक से 35 हजार रुपया चोरी कर ले गए। क्लीनिक में घुसने के लिए चोरों ने पिछले दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ दिया था।
दो प्रतिष्ठानों में एक ही रात में चोरी की घटना के बाद मौके पर आसपास के दुकानदारों को जमघट लग गया। दुकानदारों ने कॉल करके कछला चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार सिंह को भी बुला लिया। चौकी इंचार्ज ने घटना के बारे में दुकानदारों और डॉक्टर से जानकारी की। चोरों की तलाश में चौकी पुलिस ने आसपास इलाके में खोजबीन भी की लेकिन सुराग नहीं लग पाया। इधर, दोपहर में कोतवाली पहुंचे सराफ किताब सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दोनों घटनाओं की संयुक्त रूप से अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
दो दिन पहले आश्रम में भी हुई थी लाखों की चोरी
उझानी। कछला में शुक्रवार की रात चोर बाबा रामप्रसाद के आश्रम में घुस गए थे। चोरों ने आश्रम के कमरे का ताला तोड़ कर डेढ़ लाख रुपया नकद और आश्रम परिसर में ही बने मंदिर में रखी मूर्ति से सोने की चेन और कुंडल उतार लिए थे। आश्रम में हुई चोरी की घटना का भी पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है।